बीकानेर में एसीबी की बड़ी कार्रवाई: कनिष्ठ सहायक के ठिकानों से 75 लाख नकद, किलोभर से अधिक सोना बरामद

vasudev vyas

Written by

vasudev vyas

बीकानेर में एसीबी की बड़ी कार्रवाई: कनिष्ठ सहायक के ठिकानों से 75 लाख नकद, किलोभर से अधिक सोना बरामद
बीकानेर। भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त अभियान के तहत राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शुक्रवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए पंचायतीराज विभाग में तैनात कनिष्ठ सहायक शुभकरण परिहार (छींपा) के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में छापेमारी की।
एसीबी टीमों ने एक साथ पांच ठिकानों पर सर्च अभियान चलाया। तलाशी के दौरान मातेश्वरी एन्कलेव स्थित आवास से करीब 75 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा अन्य ठिकानों से एक किलो से अधिक सोना तथा लगभग दो किलो चांदी मिलने की पुष्टि हुई है।
एसीबी अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ गोपनीय शिकायत प्राप्त हुई थी। प्रारंभिक सत्यापन में सामने आया कि उसने अपनी ज्ञात आय से करीब 938 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित की है। इसी आधार पर प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
यह पूरी कार्रवाई डीआईजी भुवन भूषण यादव के सुपरविजन में की गई, जबकि टीम का नेतृत्व एएसपी विनोद कुमार एवं एएसपी आशीष कुमार ने किया।
छापेमारी की कार्रवाई बीकानेर शहर के साथ गांव पुनरासर और फलोदी के कानासर क्षेत्र में भी की गई। एसीबी का कहना है कि सर्च अभियान अभी जारी है और आने वाले समय में बड़े खुलासे होने की संभावना है।
फिलहाल जब्त नकदी, आभूषण और दस्तावेजों का मूल्यांकन किया जा रहा है तथा आरोपी से पूछताछ की प्रक्रिया जारी है।

Naya Avatar News से आप यहाँ भी जुड़ें !