राज रंगा समाज 25 फरवरी को मनाएगा “रंगा नवमीं फाग महोत्सव 2026”सामाजिक बैठक में सर्वसम्मति से हुआ निर्णय, एकजुटता पर दिया जोर
राज रंगा समाज 25 फरवरी को मनाएगा “रंगा नवमीं फाग महोत्सव 2026”
सामाजिक बैठक में सर्वसम्मति से हुआ निर्णय, एकजुटता पर दिया जोर
बीकानेर, 15 फरवरी। महाशिवरात्रि की पावन संध्या पर रत्नेश्वर राज रंगा बगेची में रंगा समाज की एक महत्वपूर्ण सामाजिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 25 फरवरी 2026 (फाल्गुन बदी नवमी) को पारंपरिक होली महोत्सव “रंगा नवमीं फाग महोत्सव 2026” धूमधाम से मनाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता श्री रंगा धरणीधर पंचायती ट्रस्ट के पूर्व अध्यक्ष बद्री नारायण रंगा एवं पूर्व सचिव शक्ति रतन रंगा ने संयुक्त रूप से की। दोनों ने समाज में एकता और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण पर बल दिया।
सभा को संबोधित करते हुए धर्मेन्द्र रंगा ने कहा कि वे सदैव समाज के साथ कंधे से कंधा मिलाकर तन-मन-धन से खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता राजनीति की नहीं, बल्कि समाज में आपसी एकजुटता और सहयोग की भावना को प्राथमिकता देने की है।
वहीं रंगा राजस्थानी राहुल ने अपने विचार रखते हुए कहा कि मोबाइल और डिजिटल युग के प्रभाव से समाज में मेल-मिलाप और प्रत्यक्ष संवाद में कमी आई है। ऐसे में “रंगा नवमीं फाग महोत्सव 2026” जैसे सांस्कृतिक आयोजन समाज के लोगों को एक मंच पर लाकर आपसी संबंधों को मजबूत करने का कार्य करेंगे।
बैठक में समाज के वरिष्ठजनों के साथ युवाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। समाज की ओर से यह भी प्रयास रहेगा कि “एक आँगन, एक प्रसाद” की परंपरा को सुदृढ़ कर अन्य समाजों के लिए भी एकता और समरसता का संदेश दिया जाए।
बैठक का समापन सौहार्द, भाईचारे और सामाजिक एकजुटता के संकल्प के साथ हुआ।
इस अवसर पर बद्री नारायण रंगा, शक्ति रतन रंगा, अश्विनी कुमार रंगा, धर्मेन्द्र रंगा, रंगा राजस्थानी राहुल, विष्णु दत्त रंगा, नंदकिशोर रंगा, गोपाल दास रंगा (रंगाश्री), बिन्दु रंगा, विजय रंगा, सुरेन्द्र रंगा, दाऊदयाल रंगा, नितिन रंगा, इन्द्रजीत रंगा सहित अनेक समाज बंधु उपस्थित रहे।