विदेशी महिला वैज्ञानिक के 30 हजार रुपये लौटाए, पुलिस की त्वरित कार्रवाईजयपुर
विदेशी महिला वैज्ञानिक के 30 हजार रुपये लौटाए, पुलिस की त्वरित कार्रवाई
जयपुर, 10 मार्च। शहर घूमने आई एक विदेशी महिला पर्यटक ने गलती से टैक्सी चालक को तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 30 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर टैक्सी चालक का पता लगाकर पूरी राशि वापस दिला दी।
कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार पीड़िता स्लोवाकिया की रहने वाली महिला वैज्ञानिक है। वह दिल्ली से जयपुर घूमने आई थी और टैक्सी बुक कर शहर घूम रही थी। इसी दौरान उसने किराए के 3 हजार रुपये देने की जगह गलती से 30 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए।
गलती का एहसास होने पर महिला पर्यटक ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने अभय कमांड सेंटर के माध्यम से सीसीटीवी फुटेज खंगालकर टैक्सी की पहचान की और चालक को ढूंढ निकाला। पुलिस ने चालक से पूरी राशि वापस दिलवा दी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से महिला बेहद खुश हुई और उसने पुलिस का धन्यवाद भी किया। जानकारी के अनुसार महिला भारत में आईआईटी दिल्ली में आयोजित एक कॉन्फ्रेंस में भाग लेने आई थी। फ्लाइट कैंसिल होने के बाद वह सोमवार को जयपुर घूमने पहुंची थी।