सीमित संसाधनों में उत्कृष्ट स्कूल संचालन पर “परिष्कार” कार्यशाला 31 मार्च को

khirajaram siyag

Written by

khirajaram siyag

बीकानेर, 30 मार्च।
प्राइवेट एज्यूकेशनल इंस्टीट्यूट्स प्रोसपैरिटी एलायंस (पैपा) राजस्थान द्वारा सूर्या फाउंडेशन, स्कूल भारती ऑर्गेनाइजेशन एवं वॉयस ऑफ एज्यूकेशन “ज्ञानायाम” के संयुक्त तत्वावधान में स्किल इम्प्रूवमेंट एवं हायर मैनेजमेंट कार्यक्रम “परिष्कार” का आयोजन 31 मार्च, मंगलवार को सायं 5 बजे किया जाएगा।

यह कार्यशाला रानी बाजार औद्योगिक क्षेत्र स्थित बीकानेर जिला उद्योग संघ के सभागार में आयोजित होगी। कार्यक्रम में सीमित संसाधनों में उत्कृष्ट स्कूल संचालन, भविष्य की शिक्षा का रोडमैप, विद्यार्थियों में आधुनिक कौशल विकास तथा शिक्षकों की शिक्षण पद्धति में सुधार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही स्कूल प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए उपयोगी टिप्स एवं ट्रिक्स साझा किए जाएंगे।

कार्यक्रम के संयोजक गिरिराज खैरीवाल ने बताया कि इस अवसर पर दिल्ली शिक्षा निदेशालय के प्रवक्ता एवं अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त शिक्षाविद् डॉ. अजय तिवारी (नई दिल्ली) मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा स्कूल भारती ऑर्गेनाइजेशन के विशाल गोयल एवं सूर्या फाउंडेशन के विजय कुमार भी कार्यशाला में भाग लेंगे।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में आरटीई के अंतर्गत भुगतान को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया जाना प्रस्तावित है।

खैरीवाल ने बीकानेर के सभी निजी स्कूल संचालकों से इस महत्वपूर्ण कार्यशाला में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इसका लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम निर्धारित समय पर ठीक 5 बजे प्रारंभ किया जाएगा।

Naya Avatar News से आप यहाँ भी जुड़ें !