बीकानेर में भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती से जनता परेशान, मेंटीनेंस के नाम पर उठे सवाल

vasudev vyas

Written by

vasudev vyas

बीकानेर में भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती से जनता परेशान, मेंटीनेंस के नाम पर उठे सवाल

वासुदेव व्यास
बीकानेर। शहर में इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती ने आमजन का जीना मुश्किल कर दिया है। बिजली कंपनी द्वारा रोजाना अलग-अलग क्षेत्रों में मेंटीनेंस के नाम पर घंटों बिजली बंद की जा रही है, जिससे लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जहां आम इलाकों में बार-बार बिजली काटी जा रही है, वहीं क्या नेताओं के आवासीय क्षेत्रों में भी इसी तरह कटौती हो रही है या नहीं—यह एक बड़ा सवाल बन गया है। इसी कारण किसी भी राजनीतिक दल के नेता, चाहे वह पक्ष में हों या विपक्ष में, इस मुद्दे पर खुलकर आवाज उठाते नजर नहीं आ रहे हैं।
शहरवासी इस असहनीय गर्मी में लगातार बिजली बाधित होने से बेहद परेशान हैं। घरों में कूलर-पंखे बंद होने से हालात और बिगड़ रहे हैं, वहीं व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता रामदेव आसोपा ने बताया कि बिजली कंपनी गुणवत्तायुक्त सेवा देने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने मांग की कि बीकानेर शहर की बिजली व्यवस्था को जोधपुर डिस्कॉम को सौंपा जाए, ताकि स्थिति में सुधार हो सके।
जनता का कहना है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो विरोध प्रदर्शन तेज किए जा सकते हैं। फिलहाल, लगातार हो रही बिजली कटौती से आमजन त्रस्त नजर आ रहा है।

Naya Avatar News से आप यहाँ भी जुड़ें !