सोलर प्लांट के लिए खेजड़ी के 12 पेड़ काटने का मामला, ग्रामीणों में रोष

vasudev vyas

Written by

vasudev vyas

सोलर प्लांट के लिए खेजड़ी के 12 पेड़ काटने का मामला, ग्रामीणों में रोष
मरु समीक्षा न्यूज़

वासुदेव व्यास

बीकानेर जिले के किलचू गांव में सोलर प्लांट स्थापित करने की तैयारी के बीच खेजड़ी के 12 पेड़ काटे जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि घटना बुधवार देर रात की है। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने एक खेत में खेजड़ी के कटे हुए पेड़ देखे, जिसके बाद इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी गई।
जानकारी के अनुसार दोपहर बाद पटवारी किशोरी लाल, वन रक्षक मालम सिंह तथा केशूराम जाट मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने कटे हुए खेजड़ी के पेड़ों को मौके पर ही सुरक्षित रखवाया। बताया जा रहा है कि जिस खेत में पेड़ों की कटाई हुई है, वहां सोलर प्लांट लगाने की तैयारी चल रही है।
घटना को लेकर क्षेत्र में नाराजगी का माहौल है। जीव रक्षा संस्था के अध्यक्ष माखराम धारणिया तथा पर्यावरण संघर्ष समिति के संयोजक रामगोपाल बिश्नोई ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा खेजड़ी संरक्षण को लेकर प्रतिबंध और नियम लागू किए जाने के बावजूद पेड़ों की अवैध कटाई जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि खेजड़ी संरक्षण संबंधी कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन में ढिलाई बरती जा रही है।
पर्यावरण प्रेमियों और ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही खेजड़ी जैसे पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण वृक्षों के संरक्षण के लिए प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया है।

Naya Avatar News से आप यहाँ भी जुड़ें !