सवाई मानसिंह अस्पताल में सरकारी दवाओं की चोरी और अवैध बिक्री का खुलासा

vasudev vyas

Written by

vasudev vyas

सवाई मानसिंह अस्पताल में सरकारी दवाओं की चोरी और अवैध बिक्री का खुलासा

जयपुर, 19 जून। सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल में गुरुवार को सरकारी दवाओं की चोरी और अवैध बिक्री का मामला सामने आया है। अस्पताल के ड्रग डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर (डीडीसी) में कार्यरत एक संविदा फार्मासिस्ट को सरकारी दवाएं बाहर बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।
जानकारी के अनुसार संविदा फार्मासिस्ट बबन ने एक युवक मनोज कुमार यादव को अस्पताल से सरकारी दवाएं उपलब्ध करवाई थीं। सुरक्षा कर्मियों को इसकी सूचना मिलने पर दोनों पर निगरानी रखी गई। गुरुवार को जब दोनों अस्पताल के बांगड़ स्थित मुख्य द्वार से बाहर निकल रहे थे, तब सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान युवक के बैग से एंटीबायोटिक इंजेक्शन, नॉर्मल सलाइन (एनएस) की बोतलें, सिरिंज सहित अन्य सरकारी दवाएं बरामद हुईं। बरामद दवाओं की कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई जा रही है, जिन्हें मात्र 1500 रुपये में बेचा जा रहा था।
चरक भवन स्थित वेयरहाउस के इंचार्ज श्याम गुप्ता ने बताया कि फार्मासिस्ट बबन पिछले करीब दो वर्षों से विभिन्न स्थानों पर ड्यूटी कर रहा था। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर दो दिन पहले ही उसे चेतावनी भी दी गई थी।
अस्पताल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि सरकारी दवाओं की अवैध बिक्री का यह नेटवर्क कितना बड़ा है।

Naya Avatar News से आप यहाँ भी जुड़ें !