नीट यूजी री-एग्जाम में मोबाइल से नकल का प्रयास, छात्रा जेल भेजी गई
मरु समीक्षा न्यूज़ राजस्थान
नीट यूजी री-एग्जाम में मोबाइल से नकल का प्रयास, छात्रा जेल भेजी गई
जयपुर, 23 जून (ब्यूरो)। नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET) यूजी री-एग्जाम के दौरान मोबाइल के जरिए कथित रूप से नकल करने का प्रयास करने वाली छात्रा को सोमवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पेशी के बाद छात्रा चेहरा छिपाते हुए अदालत परिसर से बाहर निकली। आरोपी छात्रा की पहचान प्रेम नगर गुर्जर की थड़ी निवासी हिमांशी तिवाड़ी (22) के रूप में हुई है।
पुलिस ने मामले में बरामद मोबाइल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि मोबाइल का उपयोग केवल प्रश्नों के उत्तर खोजने के लिए किया गया था या परीक्षा से जुड़ी जानकारी किसी अन्य व्यक्ति तक पहुंचाने का भी प्रयास किया गया था।
पुलिस के अनुसार, रविवार को बिंदायका स्थित परीक्षा केंद्र पर परीक्षा के दौरान एक छात्रा की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर ड्यूटी पर तैनात शिक्षकों ने उसकी जांच की। तलाशी लेने पर उसके पास मोबाइल मिला। छात्रा ने मोबाइल को अंडरगारमेंट्स में शर्ट के बटन के नीचे छिपाकर रखा था।
प्रारंभिक पूछताछ में छात्रा ने स्वीकार किया कि वह परीक्षा के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की सहायता से सवालों के जवाब तलाशने के उद्देश्य से मोबाइल लेकर आई थी।
पुलिस को मोबाइल में परीक्षा समाप्त होने से करीब 30 मिनट पहले लिए गए नीट प्रश्नपत्र के कुछ फोटो भी मिले हैं। जांच में यह भी सामने आया कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश के दौरान मेटल डिटेक्टर से दो बार अलर्ट मिला था। इस पर छात्रा ने सुरक्षा कर्मियों को बताया कि अलर्ट अंडरगारमेंट्स में लगे धातु के हुक के कारण आ रहा है। इसके बाद उसे प्रवेश दे दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने केंद्र अधीक्षक, सुरक्षा कर्मियों और परीक्षा ड्यूटी में लगे कर्मचारियों से भी पूछताछ की है।
