ग्रामीण सेवा शिविर में वर्षों पुरानी समस्या का समाधान, भंवरलाल को मिला खातेदारी अधिकार
बीकानेर। राज्य सरकार के ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के तहत ग्राम पंचायत रामड़ा में आयोजित शिविर महादेववाली निवासी किसान भंवरलाल पुत्र तुलछाराम जाट के लिए बड़ी राहत लेकर आया। शिविर में उनकी 17 बीघा भूमि का खातेदारी अधिकार उनके नाम दर्ज किया गया।
भंवरलाल लंबे समय से अपनी भूमि के खातेदारी अधिकार के लिए प्रयासरत थे। राजस्व अभिलेखों में आवश्यक प्रक्रिया लंबित होने के कारण उन्हें भूमि संबंधी कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसके चलते वे कृषि ऋण, फसल बीमा, किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ भी नहीं ले पा रहे थे।
शिविर के दौरान भंवरलाल ने अपने दस्तावेज प्रस्तुत कर समस्या से अधिकारियों को अवगत कराया। राजस्व विभाग के अधिकारियों ने प्रकरण की जांच कर उपलब्ध अभिलेखों और राजस्व रिकॉर्ड का परीक्षण किया। नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए 17 बीघा भूमि का खातेदारी अधिकार उनके नाम दर्ज कर दिया गया।
खातेदारी अधिकार मिलने के बाद अब भंवरलाल अपनी भूमि का वैधानिक रूप से उपयोग कर सकेंगे तथा कृषि ऋण, फसल बीमा, किसान सम्मान निधि और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। भंवरलाल ने ग्रामीण सेवा शिविर की सराहना करते हुए राज्य सरकार और राजस्व विभाग का आभार व्यक्त किया।