इस गांव में तीन युवकों की पिटाई: पीबीएम अस्पताल किया रेफर
बीकानेर जिले के जसरासर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने कथित तौर पर एक युवती के अपहरण के प्रयास का आरोप लगाते हुए तीन युवकों को पकड़कर उनकी पिटाई कर दी। घायल युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर रेफर किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, तीन युवक गाड़ी में सवार होकर जसरासर क्षेत्र के एक गांव पहुंचे थे। आरोप है कि वे गांव की एक युवती को अपने साथ ले जाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान ग्रामीणों की नजर उन पर पड़ गई। बताया जा रहा है कि युवती को लेकर भागने की कोशिश होते ही ग्रामीणों ने उनका पीछा किया और तीनों युवकों को पकड़ लिया।
इसके बाद मौके पर एकत्रित ग्रामीणों ने तीनों युवकों की पिटाई कर दी। सूत्रों के अनुसार, घायल युवक श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं। घटना के बाद उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए जसरासर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बीकानेर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से जसरासर पुलिस थाने में कोई मामला दर्ज नहीं कराया गया था। पुलिस की ओर से भी घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। यदि शिकायत दर्ज होती है तो मामले की जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।