चुनाव से पहले फिर होगी तबादलों की बड़ी कवायद, गृह जिलों में तैनात अफसरों को हटाने की तैयारी
चुनाव से पहले फिर होगी तबादलों की बड़ी कवायद, गृह जिलों में तैनात अफसरों को हटाने की तैयारी
बीकानेर। प्रदेश में हाल ही में हुए बड़े प्रशासनिक फेरबदल के बाद अब एक बार फिर अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादलों की नई सूची आने की संभावना है। आगामी पंचायतीराज संस्थाओं और नगरीय निकाय चुनावों को देखते हुए राज्य निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी अपने गृह जिले में तैनात नहीं रह सकेंगे।
आयोग के आदेश के अनुसार चुनाव कार्यक्रम घोषित होने से लेकर चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक यह व्यवस्था प्रभावी रहेगी। साथ ही जो अधिकारी लंबे समय से एक ही स्थान पर कार्यरत हैं, उन्हें भी स्थानांतरित किया जाएगा ताकि चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सकें।
निर्वाचन आयोग के निर्देशों के दायरे में संभागीय आयुक्त, जिला कलेक्टर, जिला निर्वाचन अधिकारी, अतिरिक्त जिला कलेक्टर, उपखंड अधिकारी, सहायक कलेक्टर, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित पुलिस विभाग के आईजी, डीआईजी, पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, डीएसपी, थाना अधिकारी और उपनिरीक्षक (एसआई) जैसे अधिकारी शामिल हैं।
प्रशासनिक जानकारों का मानना है कि स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों में स्थानीय समीकरण महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में गृह जिले या लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात अधिकारियों को हटाने का उद्देश्य चुनाव की निष्पक्षता सुनिश्चित करना है।
हाल ही में सरकार द्वारा कई अधिकारियों को उनकी पसंद या गृह जिलों के आसपास पदस्थापित किया गया था, लेकिन निर्वाचन आयोग के निर्देशों के बाद ऐसे अधिकारियों को भी नई तबादला सूची में शामिल किया जा सकता है। अब सभी की नजर कार्मिक विभाग द्वारा जारी की जाने वाली अगली तबादला सूची पर टिकी हुई है।
