भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम को लेकर चर्चाएं तेज
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम को लेकर चर्चाएं तेज
बीकानेर। भारतीय जनता पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम के गठन को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। दिल्ली से मिल रही राजनीतिक चर्चाओं के अनुसार पार्टी संगठन में व्यापक फेरबदल की तैयारी चल रही है और अनुभवी नेताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं।
चर्चा है कि प्रस्तावित राष्ट्रीय टीम में राजस्थान से भी कुछ वरिष्ठ नेताओं को महत्वपूर्ण स्थान मिल सकता है। इनमें केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल का नाम भी प्रमुखता से लिया जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि संगठनात्मक अनुभव और लंबे सार्वजनिक जीवन को देखते हुए उन्हें किसी बड़े राज्य का संगठनात्मक दायित्व सौंपा जा सकता है।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। इसी क्रम में अनुभवी नेताओं को संगठन में अहम जिम्मेदारियां दिए जाने की संभावना जताई जा रही है।
यदि ऐसी संभावनाएं साकार होती हैं तो केंद्र सरकार में भी बदलाव देखने को मिल सकता है और देश को नया कानून मंत्री मिलने की चर्चा भी राजनीतिक हलकों में की जा रही है।
