खाकी के थ्री स्टार अधिकारियों में JDA डेपुटेशन की होड़, नई गाइडलाइन से बढ़ी बेचैनी
खाकी के थ्री स्टार अधिकारियों में JDA डेपुटेशन की होड़, नई गाइडलाइन से बढ़ी बेचैनी
जयपुर। राजस्थान पुलिस के थ्री स्टार (इंस्पेक्टर) अधिकारियों में जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) में डेपुटेशन पर जाने की बढ़ती दिलचस्पी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। पुलिस मुख्यालय द्वारा हाल ही में डेपुटेशन के लिए आवेदन आमंत्रित किए जाने के बाद बड़ी संख्या में अधिकारियों ने अपनी इच्छा जताई।
सूत्रों के अनुसार, प्राप्त आवेदनों में करीब 75 प्रतिशत थ्री स्टार अधिकारियों ने JDA में डेपुटेशन की प्राथमिकता दी है। इतनी बड़ी संख्या में एक ही विभाग के प्रति रुझान ने वरिष्ठ अधिकारियों को भी हैरान कर दिया है।
चर्चाओं के अनुसार, JDA में कार्य करने के दौरान बेहतर कार्य अवसर और कथित रूप से अधिक प्रभाव वाले दायित्वों के कारण अधिकारियों का रुझान इस ओर बढ़ा है। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
उधर, बड़ी संख्या में प्राप्त आवेदनों को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने डेपुटेशन प्रक्रिया के लिए नई गाइडलाइन जारी कर दी है। माना जा रहा है कि नई व्यवस्था लागू होने के बाद JDA में डेपुटेशन की उम्मीद लगाए बैठे कई अधिकारियों की राह आसान नहीं रहेगी।
अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि नई गाइडलाइन के तहत किन अधिकारियों को डेपुटेशन का अवसर मिलता है और चयन प्रक्रिया किस आधार पर पूरी की जाती है।
