100 करोड़ से अधिक की लागत से बनी पीबीएम की अत्याधुनिक मेडिसिन विंग तैयार, 14 अगस्त को करेंगे मुख्यमंत्री लोकार्पण
100 करोड़ से अधिक की लागत से बनी पीबीएम की अत्याधुनिक मेडिसिन विंग तैयार, 14 अगस्त को करेंगे मुख्यमंत्री लोकार्पण
बीकानेर। बीकानेर के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात के रूप में पीबीएम अस्पताल परिसर में श्रीमती सी. एम. मूंधड़ा मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट, मुंबई द्वारा 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित अत्याधुनिक मेडिसिन विंग पूरी तरह तैयार हो गई है। इस परियोजना को ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी कन्हैयालाल मूंधड़ा के मार्गदर्शन में विकसित किया गया है। यह मेडिसिन विंग भविष्य की चिकित्सा आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित बनाई गई है और बीकानेर सहित पूरे संभाग के मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
करीब 2.89 लाख वर्गफीट क्षेत्र में फैली इस मेडिसिन विंग में कुल 527 बेड की व्यवस्था की गई है। इसमें 9 जनरल वार्ड, 20-20 बेड के 3 आईसीयू वार्ड, 9 बेड का आइसोलेशन वार्ड, डबल एवं ट्रिपल बेड वाले 14 कॉटेज, सिंगल बेड के 39 कॉटेज, 11 बेड का कन्विक्ट वार्ड, 9 बेड का आर्मी वार्ड तथा 8 डॉक्टर चैंबर बनाए गए हैं।
रोगियों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए भवन में 16 आरओ वाटर बूथ, 232 टॉयलेट, 91 बाथरूम, 150 सीट क्षमता का लेक्चर हॉल, 600 सीट क्षमता का वेटिंग हॉल, 165 सीसीटीवी कैमरे, 1250 किलोवाट क्षमता के दो जनरेटर, ऑक्सीजन मैनिफोल्ड प्लांट, अटेंडेंट के लिए विश्राम व्यवस्था, प्रत्येक टॉयलेट में इमरजेंसी बेल, अत्याधुनिक फायर सेफ्टी सिस्टम, 76 हजार वर्गफीट पार्किंग क्षेत्र, 7 हजार वर्गफीट कैंटीन, 4 लिफ्ट, 4 हजार वर्गफीट योगा एरिया तथा रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम सहित सभी प्रमुख आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
इस अत्याधुनिक मेडिसिन विंग का 14 अगस्त 2026 को राजस्थान के मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पण किया जाएगा। इसके शुरू होने के बाद पीबीएम अस्पताल की चिकित्सा सेवाओं में उल्लेखनीय विस्तार होगा और बीकानेर सहित आसपास के जिलों के हजारों मरीजों को बेहतर एवं आधुनिक उपचार सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

