सरकारी ट्रैक्टर में कबूतर ले जाने का आरोप, जीव रक्षा संस्था ने FIR और सख्त कार्रवाई की मांग
सरकारी ट्रैक्टर में कबूतर ले जाने का आरोप, जीव रक्षा संस्था ने FIR और सख्त कार्रवाई की मांग
बीकानेर, 1 अगस्त। जीव रक्षा संस्था, बीकानेर के अध्यक्ष एवं पूर्व मानद वन्य जीव प्रतिपालक मोखराम बिश्नोई धारणिया ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर नगर निगम बीकानेर के कुछ कर्मचारियों पर सरकारी ट्रैक्टर का दुरुपयोग कर कबूतरों को पकड़कर ले जाने का गंभीर आरोप लगाया है। ज्ञापन में संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की मांग की गई है।
ज्ञापन के अनुसार 31 जुलाई को पीबीएम अस्पताल के पीछे मेडिकल कॉलेज के सामने स्थित चुग्गा स्थल से नगर निगम के कर्मचारी सरकारी ट्रैक्टर में 4–5 कबूतरों को पकड़कर ले जा रहे थे। संस्था का दावा है कि वन्य जीव प्रेमी विकास बिश्नोई, रक्तवीर सेवा संस्थान के अध्यक्ष राजेश गोदारा, अमरचंद एवं महेंद्र सिंह राजावत सहित अन्य लोगों ने घटना देखी और ट्रैक्टर का पीछा किया।
ज्ञापन में कहा गया है कि गंगानगर उर्मूल सर्कल पर यातायात पुलिस ने ट्रैक्टर को रुकवाया, जहां तलाशी के दौरान पांच जीवित कबूतर मिलने का दावा किया गया। इसके बाद पक्षियों को मुक्त कर दिए जाने की बात भी कही गई है। संस्था का आरोप है कि घटना की सूचना पुलिस, वन विभाग और नगर निगम को देने के बावजूद अब तक संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।
मोखराम बिश्नोई ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि यह मामला पशु क्रूरता, सरकारी वाहन एवं सरकारी समय के दुरुपयोग तथा संभावित वन्यजीव कानूनों के उल्लंघन से जुड़ा है। उन्होंने दोषी कर्मचारियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने, तत्काल निलंबन, मजिस्ट्रियल जांच कराने तथा नगर निगम के सभी वाहनों में जीपीएस और कैमरे लगाने की मांग की है।
हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। समाचार लिखे जाने तक नगर निगम प्रशासन, पुलिस या वन विभाग की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
