मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने की स्वदेशी उत्पाद अपनाने की अपील
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने की स्वदेशी उत्पाद अपनाने की अपील5
जयपुर, 8 अगस्त। राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों से ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को जीवन में अपनाने और स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने जयपुर के अजमेरी गेट स्थित हथकरघा शोरूम का दौरा कर स्थानीय कारीगरों एवं बुनकरों द्वारा तैयार उत्पादों की खरीदारी की। उन्होंने कहा कि छोटे स्तर के बुनकरों और कारीगरों को आर्थिक रूप से मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने आमजन से स्थानीय बुनकरों, कारीगरों और शिल्पकारों द्वारा तैयार वस्तुओं को प्राथमिकता देने का आह्वान किया, ताकि मेहनतकश लोगों की आजीविका को संबल मिल सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि हथकरघा एवं हस्तशिल्प राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण पहचान हैं।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के माध्यम से प्रदेश के सभी बुनकरों एवं कुशल हस्तशिल्पियों को राष्ट्रीय हथकरघा दिवस की शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से देश में स्वदेशी और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की नई संस्कृति विकसित हुई है, जिससे पारंपरिक कलाओं को पुनर्जीवन मिल रहा है।
