राजस्थान हाईकोर्ट की सर्किट बेंच को लेकर बीकानेर बार एसोसिएशन ने उठाई मांग
राजस्थान हाईकोर्ट की सर्किट बेंच को लेकर बीकानेर बार एसोसिएशन ने उठाई मांग
बीकानेर, 8 अगस्त। राजस्थान उच्च न्यायालय के न्यायाधीश एवं बीकानेर न्यायालय के अभिभावक न्यायाधीश सुदेश बंसल के बीकानेर आगमन पर शनिवार को बीकानेर बार एसोसिएशन की ओर से राष्ट्रीय उष्ट्र अनुसंधान केंद्र स्थित सर्किट हाउस में स्वागत किया गया। इस दौरान बार एसोसिएशन ने शॉल साफा एवं माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन किया।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित एवं सभापति रामकृष्णदास गुप्ता ने कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के नाम ज्ञापन प्रस्तुत कर बीकानेर में राजस्थान उच्च न्यायालय की सर्किट बेंच गठित करने की मांग रखी। साथ ही मुख्यालय पर स्थित विशेष न्यायालयों के क्षेत्राधिकार को विस्तृत करने तथा अधिवक्ताओं के चैम्बर्स के नवनिर्माण की मांग भी की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि बीकानेर संभाग के अधिवक्ताओं एवं आमजन को उच्च न्यायालय से संबंधित मामलों के लिए सुविधा मिल सके, इसके लिए बीकानेर में सर्किट बेंच का गठन आवश्यक है। बार की ओर से विशेष न्यायालयों के क्षेत्राधिकार का विस्तार कर उपखंड स्तर पर विशेष न्यायालयों से जुड़े मामलों के विचारण का अधिकार संबंधित न्यायालयों को देने की मांग भी रखी गई।
बार एसोसिएशन ने बताया कि अधिवक्ताओं की संख्या 4 हजार से अधिक हो जाने के कारण वर्तमान चैम्बर्स की संख्या पर्याप्त नहीं है। ऐसे में 72 चैम्बर्स के ऊपर नए चैम्बर्स के निर्माण तथा न्यायालय परिसर के विस्तार की मांग भी ज्ञापन में शामिल की गई।
ज्ञापन में 1 अगस्त 2002 को सचिव सार्वजनिक निर्माण विभाग जयपुर की अध्यक्षता में हुई बैठक में सर्वसम्मति से लिए गए निर्णय के अनुरूप न्यायालय परिसर के परिवर्तन की ओर भी ध्यान आकर्षित किया गया।
ज्ञापन की मांगों को लेकर न्यायाधीश सुदेश बंसल ने गंभीरता से सुनवाई करते हुए अपने स्तर पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।


