स्पा सेंटरों पर पुलिस की पैनी नजर, मॉडर्न मार्केट में फिर दबिश पांच युवतियां और तीन युवक हिरासत में, पुलिस की पूछताछ जारी
स्पा सेंटरों पर पुलिस की पैनी नजर, मॉडर्न मार्केट में फिर दबिश
पांच युवतियां और तीन युवक हिरासत में, पुलिस की पूछताछ जारी
बीकानेर। शहर में स्पा सेंटरों की आड़ में कथित अनैतिक गतिविधियों को लेकर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। बार-बार सामने आ रही शिकायतों के बीच सोमवार को कोटगेट थाना पुलिस ने मॉडर्न मार्केट स्थित एक सैलून एंड स्पा सेंटर पर अचानक दबिश देकर पांच युवतियों और तीन युवकों को हिरासत में लिया।
पुलिस टीम के अचानक पहुंचने से सेंटर में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद लोगों की जांच-पड़ताल करने के साथ पुलिस ने सभी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। हालांकि प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को मौके से कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सेंटर में संचालित गतिविधियां निर्धारित नियमों के अनुरूप थीं या नहीं। हिरासत में लिए गए युवक-युवतियों से पूछताछ के आधार पर मामले की आगे की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चक्रवर्ती सिंह राठौड़ के सुपरविजन में की गई। कोटगेट थानाधिकारी विक्रम तिवारी के नेतृत्व में गठित टीम ने सेंटर पर दबिश देकर कार्रवाई की।
कार्रवाई के बाद फिर उठे सवाल
शहर में पूर्व में भी कुछ स्पा सेंटर पुलिस कार्रवाई के दायरे में आ चुके हैं। ऐसे में ताजा कार्रवाई के बाद एक बार फिर सवाल उठ रहा है कि पुलिस कार्रवाई के बावजूद स्पा सेंटरों में नियमों की आड़ में संदिग्ध गतिविधियों का सिलसिला पूरी तरह क्यों नहीं रुक पा रहा है। हालांकि इस मामले में पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
फिलहाल पुलिस पूछताछ और जांच में जुटी है तथा सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
