बीकानेर में जल्द शुरू होगा सिटी बसों का संचालन, प्रधानमंत्री ई-बसों की मिलेगी सौगात
बीकानेर में जल्द शुरू होगा सिटी बसों का संचालन, प्रधानमंत्री ई-बसों की मिलेगी सौगात
बीकानेर। शहरवासियों के लिए सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। बीकानेर सिटी में जल्द ही सिटी बस सेवा शुरू होने की उम्मीद है। इसके तहत शहर को प्रधानमंत्री ई-बसों की सौगात मिलने जा रही है, जिससे आमजन को सुगम, किफायती और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन की सुविधा उपलब्ध होगी।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा इन ई-बसों को हरी झंडी दिखाकर सेवा का शुभारंभ करेंगे। बस संचालन को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिला कलक्टर निशांत जैन तथा नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलनचामी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।
सिटी बस सेवा शुरू होने से शहर के विभिन्न क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान होने के साथ ही आम आदमी को निजी वाहनों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी। सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलने से शहर में यातायात व्यवस्था को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
ई-बसों के संचालन का एक महत्वपूर्ण पहलू पर्यावरण संरक्षण भी है। इलेक्ट्रिक बसों से प्रदूषण कम करने और ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। ऐसे में बीकानेर के लिए यह योजना परिवहन सुविधा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
अब शहरवासियों की नजर इस बात पर है कि ई-बस सेवा किन-किन मार्गों पर संचालित होगी और इसका औपचारिक शुभारंभ कब किया जाएगा।

