चलते वाहनों में मोबाइल पर बातचीत बढ़ा रही हादसों की आशंका, बीकानेर में भी नियमों की अनदेखी*
मरु समीक्षा न्यूज़ राजस्थान
वासुदेव व्यास
चलते वाहनों में मोबाइल पर बातचीत बढ़ा रही हादसों की आशंका, बीकानेर में भी नियमों की अनदेखी
बीकानेर। सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस और यातायात विभाग की ओर से लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, लेकिन शहर की सड़कों पर यातायात नियमों की अनदेखी अब भी देखने को मिल रही है। बीकानेर में कई वाहन चालक चलते वाहन में मोबाइल फोन पर बातचीत करते नजर आते हैं। मोबाइल पर बात करते समय चालक का ध्यान सड़क और यातायात से हटने के कारण दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है।
जयपुर के कॉमर्शियल क्षेत्र में सोमवार रात चलाए गए यातायात जांच अभियान के दौरान बड़ी संख्या में वाहनों की जांच की गई और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। इस दौरान मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई सामने आई है।
बीकानेर में भी मुख्य बाजारों, व्यस्त मार्गों और चौराहों पर वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल करने वालों पर प्रभावी कार्रवाई की जरूरत है। खासकर दोपहिया वाहन चालक मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाते हैं तो उनके लिए दुर्घटना का खतरा और अधिक बढ़ जाता है।
यातायात विशेषज्ञों का मानना है कि वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल चालक की एकाग्रता को प्रभावित करता है। ऐसे में यातायात पुलिस को नियमित जांच के साथ-साथ मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्ती करनी चाहिए, ताकि सड़क हादसों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
