सीएम की बीकानेर यात्रा में सौगात की उम्मीद अधूरी, ‘वेट एंड वॉच’ ने बढ़ाई सियासी हलचल

vasudev vyas

Written by

vasudev vyas

Writing
सीएम की बीकानेर यात्रा में सौगात की उम्मीद अधूरी, ‘वेट एंड वॉच’ ने बढ़ाई सियासी हलचल
बीकानेर। आजादी के भव्य आयोजन में शामिल होने बीकानेर पहुंचे मुख्यमंत्री का शहरवासियों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री की यात्रा को लेकर स्थानीय लोगों को उम्मीद थी कि बीकानेर के लिए कोई बड़ी सौगात या महत्वपूर्ण घोषणा हो सकती है, लेकिन यह उम्मीद पूरी नहीं हो सकी।
वहीं, मीडिया से बातचीत के दौरान जब मुख्यमंत्री से मंत्रिमंडल में संभावित बदलाव को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने सीधे तौर पर कोई स्पष्ट संकेत देने के बजाय ‘वेट एंड वॉच’ का संदेश देकर सियासी चर्चाओं को और हवा दे दी।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए पहुंचे पार्टी नेताओं से निकाय एवं पंचायती राज चुनावों को लेकर भी फीडबैक लिया गया। माना जा रहा है कि आगामी स्थानीय चुनावों को लेकर संगठन और जमीनी स्थिति की जानकारी मुख्यमंत्री के लिए महत्वपूर्ण है।
इसी दौरान जब बातचीत सरकारी सिस्टम और अधिकारियों के कामकाज तक पहुंची तो कुछ नेताओं ने अधिकारियों से जुड़ी अपनी समस्याएं और पीड़ा भी मुख्यमंत्री के सामने रखी। मुख्यमंत्री ने नेताओं की बातें गंभीरता से सुनीं, लेकिन इस मुद्दे पर कोई तत्काल प्रतिक्रिया नहीं दी और चुप्पी साधे रखी।
अब मुख्यमंत्री की इस चुप्पी को लेकर राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ प्रशासनिक तंत्र में भी तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। सवाल यह है कि मुख्यमंत्री ने नेताओं की शिकायतों पर तत्काल कोई टिप्पणी क्यों नहीं की और उनकी चुप्पी के पीछे आखिर क्या रणनीति है? आने वाले दिनों में इसका असर दिखाई देता है या नहीं, यह देखना दिलचस्प होगा।

Naya Avatar News से आप यहाँ भी जुड़ें !