सब्जियों की हरियाली और रंग-बिरंगी सजावट से सजे ठाकुरजी के दरबार
सब्जियों की हरियाली और रंग-बिरंगी सजावट से सजे ठाकुरजी के दरबार
बीकानेर। सावन मास में शहर के मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण के हिंडोला मनोरथ और विशेष श्रृंगार का दौर जारी है। इसी क्रम में दाऊजी मंदिर में ठाकुरजी का दरबार लौकी, भिंडी, हरी मिर्च, मौसमी साग-सब्जियों सहित प्राकृतिक सामग्री से आकर्षक रूप में सजाया गया। सब्जियों की हरियाली से तैयार इस विशेष हिंडोले में ठाकुरजी को विराजित कर श्रृंगार एवं सेवा की गई।
श्रावण की हरियाली को सेवा का स्वरूप देते हुए तैयार किए गए इस अनूठे हिंडोले के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में वैष्णवजन पहुंचे। मंदिर में श्रावण मास के दौरान प्रतिदिन अलग-अलग भाव और सामग्री के माध्यम से हिंडोला मनोरथ किए जा रहे हैं। ताजी एवं मौसमी सब्जियों को कलात्मक ढंग से सजाकर हिंडोले का स्वरूप तैयार किया गया।
बड़ा गोपालजी मंदिर में बाल स्वरूप का मनमोहक श्रृंगार
दम्माणी चौक स्थित बड़ा गोपालजी मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की बेहद मनमोहक झांकी सजाई गई। भगवान के बाल स्वरूप के दर्शन के लिए पूरे मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे छोटे-छोटे खिलौनों से सजाया गया। आकर्षक सजावट और रंग-बिरंगी रोशनी के बीच सजे भगवान के दरबार के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।
झांकी में भगवान के बाल स्वरूप के साथ मोर पंख, गाय-बछड़े, ग्वाल-बाल और कृष्ण लीलाओं से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को सुंदर तरीके से प्रदर्शित किया गया। सावन की झूलों की सदियों पुरानी परंपरा को जीवंत करते हुए मंदिर में भक्ति और आनंद का वातावरण नजर आया।
इस अलौकिक झांकी और सजावट को साकार करने में गिरिराज हर्ष, जयगोपाल व्यास, विजय गोपाल, राहुल एवं यादवेंद्र व्यास की विशेष भूमिका रही। उनकी ओर से की गई भव्य सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी रही।
