कांग्रेस की अधिकृत सूची जारी, कई वार्डों में बदले चेहरे; अंतिम समय तक चली सियासी उठापटक
कांग्रेस की अधिकृत सूची जारी, कई वार्डों में बदले चेहरे; अंतिम समय तक चली सियासी उठापटक
बीकानेर। नगर निगम चुनाव को लेकर लंबे इंतजार और खींचतान के बाद कांग्रेस ने सोमवार देर रात करीब 9 बजे अपने अधिकृत प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी। कांग्रेस ने सोमवार दोपहर करीब 2 बजे ही निर्वाचन अधिकारी/प्रशासन को प्रत्याशियों के सिंबल सौंप दिए थे, लेकिन अंदरूनी गुटबाजी और बगावत की आशंका के चलते अधिकृत सूची जारी करने में समय लगा। नामांकन के अंतिम दौर तक कई वार्डों में प्रत्याशियों को लेकर बदलाव देखने को मिले।
सूची के अनुसार वार्ड 69 से ममता सांसी के नाम से नामांकन दाखिल होने की चर्चा रही। वहीं पूर्व निर्दलीय पार्षद मनोज बिश्नोई को कांग्रेस ने वार्ड 35 से टिकट दिया है।
कांग्रेस की सूची में प्रमुख नामों में वार्ड 2 से संजय आचार्य, वार्ड 18 से मकसूद अहमद, वार्ड 27 से दिलीप बांठिया, वार्ड 50 से नवरतन डागा, वार्ड 55 से जावेद पड़िहार, वार्ड 73 से अनिल कल्ला और वार्ड 17 से चेतना चौधरी शामिल हैं।
सबसे ज्यादा चर्चा हारून राठौड़ को लेकर रही। बताया जा रहा है कि उन्होंने स्वयं टिकट नहीं मांगा और अपने भतीजे मोहम्मद अतीक को वार्ड 80 से चुनाव मैदान में उतारा है।
नामांकन के अंतिम घंटों में कांग्रेस के खेमे में कई बदलाव दिखाई दिए। वार्ड 4 से तीजा देवी को अंतिम समय में मौका मिला, जबकि वार्ड 18 में आखिरी समय में बाजी मकसूद अहमद के हाथ लगी। वार्ड 78 में सोमवार दोपहर ढाई बजे सुलेखा बानो (जुलेखा बानो) का नाम फाइनल हुआ, जबकि वार्ड 79 में शीतल तंवर के नाम पर अंतिम मुहर लगी।
कांग्रेस की सूची जारी होने के साथ ही अब बीकानेर नगर निगम चुनाव में मुकाबले की तस्वीर और अधिक स्पष्ट हो गई है। हालांकि कुछ वार्डों में टिकट वितरण को लेकर असंतोष और बगावत के स्वर सामने आने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। नामांकन के बाद अब राजनीतिक दलों की नजरें चुनाव प्रचार और बागी उम्मीदवारों को साधने पर रहेंगी।
