वार्ड-50 में कांग्रेस का ‘हाथ’ किसके साथ? टिकट विवाद से FIR तक पहुंचा घमासान
वार्ड-50 में कांग्रेस का ‘हाथ’ किसके साथ? टिकट विवाद से FIR तक पहुंचा घमासान
बीकानेर। निकाय चुनाव के बीच बीकानेर कांग्रेस में टिकट वितरण को लेकर शुरू हुआ विवाद अब बेहद गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है। पहले टिकट को लेकर नाराजगी और आरोप-प्रत्यारोप सामने आए, फिर मामला कथित मारपीट तक पहुंचा और अब वार्ड नंबर 50 में कांग्रेस के चुनाव चिन्ह को लेकर ‘सिंबल में हेरफेर’ के आरोपों ने सियासी गलियारों में हलचल बढ़ा दी है।
पूर्व पार्षद दीपक अरोड़ा ने आरोप लगाया कि उनके बेटे मोहित अरोड़ा को वार्ड-50 से कांग्रेस का अधिकृत प्रत्याशी बनाया गया था। उनका दावा है कि प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से जारी सूची में मोहित अरोड़ा का नाम दर्ज था और उनके पक्ष में चुनाव चिन्ह भी था। इसके बाद कथित तौर पर सूची और सिंबल में बदलाव कर दूसरे प्रत्याशी को चुनाव चिन्ह दिए जाने का आरोप लगाया गया।
मामला इतना बढ़ा कि दीपक अरोड़ा की रिपोर्ट पर सदर थाना पुलिस ने कांग्रेस शहर अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल, देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग और वार्ड-50 प्रत्याशी नवरत्न डागा के खिलाफ BNS की धारा 318, 336, 340 और 61(1) के तहत FIR दर्ज कर ली।
सदर सीआई रमेश कुमार के अनुसार मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से जारी मूल सूची, चुनाव चिन्ह आवंटन से जुड़े दस्तावेज और कथित बदलाव के पूरे घटनाक्रम की जांच करेगी।
वहीं एफआईआर में नामजद कांग्रेस शहर अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल ने पूरे मामले को अपने खिलाफ षड्यंत्र बताया है। उनका कहना है कि अपने कुकृत्यों को छिपाने के लिए उनके विरुद्ध साजिश के तहत मामला दर्ज कराया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने अभी FIR देखी नहीं है और सवाल उठाया कि “ये सारी बातें इन्हें कौन बता रहा है?”
