बीकानेर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का भव्य रोड शो, ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील
बीकानेर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का भव्य रोड शो, ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील
बीकानेर। नगर निगम चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को बीकानेर में भव्य रोड शो कर भाजपा के पक्ष में चुनावी माहौल बनाया। रोड शो की शुरुआत मोहता चौक से हुई। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले हनुमान मंदिर पहुंचकर दर्शन किए। इसके बाद उनका काफिला तेलीवाड़ा, जोशीवाड़ा और कोटगेट होते हुए जूनागढ़ पहुंचा।
जूनागढ़ पहुंचने पर मुख्यमंत्री शर्मा ने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने नगर निगम चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए प्रदेश, केंद्र और नगर निगम में भाजपा की ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ बनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश और केंद्र के साथ नगर निगम में भी भाजपा की सरकार होने से बीकानेर के विकास कार्यों को और गति मिलेगी। उन्होंने भाजपा के पक्ष में मतदान कर शहर के विकास को मजबूत करने की अपील की।
रोड शो के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और आमजन मौजूद रहे। शहर के विभिन्न मार्गों पर लोगों ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी के समर्थन में जमकर नारे लगाए, जिससे पूरा मार्ग भाजपा के नारों से गूंज उठा।
रोड शो में केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, विधायक सिद्धि कुमारी, विधायक जेठानंद व्यास, विधायक अंशुमान सिंह भाटी, भाजपा प्रवक्ता मिथलेश गौतम सहित भाजपा के कई नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री के रोड शो को नगर निगम चुनाव के बीच भाजपा के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। शहर के प्रमुख मार्गों से निकले इस रोड शो के जरिए भाजपा ने चुनावी माहौल में अपनी ताकत और संगठनात्मक सक्रियता का प्रदर्शन किया।
