हर्निया ऑपरेशन के बाद 27 वर्षीय युवक की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
हर्निया ऑपरेशन के बाद 27 वर्षीय युवक की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
खेतड़ी, 3 अक्टूबर। सिंघाना में हर्निया के ऑपरेशन के बाद 27 वर्षीय राजेश नायक की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने निजी राज अस्पताल के बाहर शव रखकर करीब साढ़े तीन घंटे तक धरना दिया और अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जांच एवं जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 30 निवासी राजेश नायक को पेट दर्द की शिकायत पर 26 सितंबर को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल संचालक डॉ. रणवीर सिंह के अनुसार जांच के बाद 27 सितंबर को उसका हर्निया ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद स्वस्थ होने पर दो दिन बाद राजेश को छुट्टी दे दी गई। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद से ही उसकी तबीयत बिगड़ने लगी थी।
परिजनों के अनुसार तबीयत दोबारा खराब होने पर राजेश को अस्पताल लाया गया और इसके बाद जयपुर रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शव को सिंघाना लाकर परिजनों ने अस्पताल के बाहर धरना दिया।
अस्पताल संचालक डॉ. रणवीर सिंह ने इलाज में लापरवाही के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि मरीज का उपचार निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल को बदनाम करने का प्रयास किया गया और परिसर में तोड़फोड़ कर अराजकता फैलाने की कोशिश हुई।
बाद में प्रशासन एवं परिजनों के बीच वार्ता हुई। पार्षद डीपी सैनी सहित प्रतिनिधिमंडल की मौजूदगी में आर्थिक सहायता देने पर सहमति बनने के बाद धरना समाप्त कर दिया गया।
