नवरात्रि में महिलाओं की सुरक्षा के लिए राजस्थान पुलिस चलाएगी ‘शक्ति सुरक्षा अभियान’गरबा-डांडिया स्थलों पर कालिका पेट्रोलिंग टीमों की तैनाती, छेड़छाड़ करने वालों पर होगी कार्रवाई
नवरात्रि में महिलाओं की सुरक्षा के लिए राजस्थान पुलिस चलाएगी ‘शक्ति सुरक्षा अभियान’
गरबा-डांडिया स्थलों पर कालिका पेट्रोलिंग टीमों की तैनाती, छेड़छाड़ करने वालों पर होगी कार्रवाई
बीकानेर। नवरात्रि के दौरान गरबा और डांडिया कार्यक्रमों में शामिल होने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राजस्थान पुलिस प्रदेशभर में ‘शक्ति सुरक्षा अभियान’ चलाएगी। पुलिस महानिदेशक राजस्थान श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार अभियान के तहत प्रमुख आयोजन स्थलों पर विशेष सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की जाएगी।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस कम्युनिटी पुलिसिंग एवं जन-अभियोग लता मनोज कुमार ने सभी जिला पुलिस अधीक्षकों तथा जयपुर और जोधपुर के पुलिस उपायुक्तों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
अभियान के तहत गरबा-डांडिया कार्यक्रमों के दौरान और कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भी महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रमुख एवं भीड़भाड़ वाले स्थलों पर कालिका पेट्रोलिंग टीमों और महिला पुलिसकर्मियों की पर्याप्त तैनाती होगी। सादे वस्त्रों में महिला पुलिसकर्मियों को भी निगरानी के लिए लगाया जाएगा। महिलाओं से छेड़छाड़ और दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
आयोजन स्थलों पर महिला हेल्प डेस्क स्थापित करने के साथ हेल्पलाइन, राजकॉप और अन्य पुलिस सहायता माध्यमों की जानकारी वाले पोस्टर एवं क्यूआर कोड प्रदर्शित किए जाएंगे, ताकि जरूरत पड़ने पर महिलाएं तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त कर सकें।
पुलिस प्रशासन आयोजन समितियों के साथ बैठक कर सीसीटीवी कैमरों, प्रवेश एवं निकास द्वारों, पार्किंग और आवागमन की व्यवस्था की समीक्षा करेगा। प्रवेश द्वारों पर पहचान-पत्र एवं डिजिटल पास की सख्ती से जांच की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त रोशनी, पुलिस गश्त और निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।
महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए ऑटो और टैक्सी चालकों के साथ बैठकें कर उन्हें संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने के लिए जागरूक किया जाएगा। सार्वजनिक परिवहन साधनों पर महिला सुरक्षा हेल्पलाइन संबंधी स्टीकर भी लगाए जाएंगे। इसके अलावा युवा सामुदायिक समन्वय समूहों और सुरक्षा सखियों को अभियान से जोड़कर जागरूकता बढ़ाई जाएगी।
नवरात्रि शुरू होने से पहले जिला पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, व्हाट्सऐप और अन्य डिजिटल माध्यमों से महिला सुरक्षा एवं पुलिस सहायता संबंधी जानकारी का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। अभियान की निगरानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों द्वारा की जाएगी। महिला सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली कालिका पेट्रोलिंग टीमों और महिला पुलिसकर्मियों को पुलिस मुख्यालय स्तर पर सम्मानित करने के लिए भी चयनित किया जाएगा।

