ACB की बड़ी कार्रवाई: तहसीलदार और दलाल रिश्वत लेते गिरफ्तार, जेल भेजे गए

vasudev vyas

Written by

vasudev vyas

ACB की बड़ी कार्रवाई: तहसीलदार और दलाल रिश्वत लेते गिरफ्तार, जेल भेजे गए

राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी की टीम ने गोविंदगढ़ तहसीलदार बसंत कुमार परसोया और उसके दलाल रवि उर्फ रिंकू को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। अदालत ने उन्हें 30 मार्च तक न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दिए हैं।
एसीबी के पुलिस उपाधीक्षक शब्बीर खान ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसे अपनी ताई की वसीयत के आधार पर जमीन अपने नाम करवानी थी। लेकिन पटवारी और ग्राम पंचायत चिड़वाई के सरपंच द्वारा वसीयत रजिस्टर्ड नहीं होने का हवाला देकर मामला अटका दिया गया था।
इसके बाद परिवादी ने उपखंड अधिकारी के न्यायालय में अपील की, जहां 3 दिसंबर 2025 को उसके पक्ष में आदेश जारी हो गया। जब यह आदेश तहसीलदार बसंत कुमार परसोया के पास पहुंचा तो उसने काम करने के बदले अपने दलाल रवि उर्फ रिंकू के माध्यम से 5 लाख रुपये की रिश्वत मांग ली।
शिकायत मिलने पर एसीबी ने 14 मार्च को शिकायत का सत्यापन किया। जांच में सामने आया कि आरोपी तहसीलदार ने ग्राम सिरमौर स्थित एक निजी फार्म हाउस पर परिवादी से मुलाकात कर रिश्वत की रकम 3 लाख 50 हजार रुपये तय की थी।
इसके बाद एसीबी ने योजना बनाकर ट्रैप कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान दलाल रवि उर्फ रिंकू को रिश्वत की पहली किस्त 1 लाख 50 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। इसके बाद तहसीलदार बसंत कुमार परसोया को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। एसीबी इस मामले की गहन जांच कर रही है और प्रकरण में अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

Naya Avatar News से आप यहाँ भी जुड़ें !