अपराधों पर जीरो टॉलरेंस, लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर होगी सख्त कार्रवाईमुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिए निर्देश, माफियाओं पर शिकंजा कसने और महिला सुरक्षा मजबूत करने पर जोर

vasudev vyas

Written by

vasudev vyas

अपराधों पर जीरो टॉलरेंस, लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर होगी सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिए निर्देश, माफियाओं पर शिकंजा कसने और महिला सुरक्षा मजबूत करने पर जोर
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश में हाल ही में हुई आपराधिक घटनाओं और कुछ पुलिसकर्मियों की लापरवाही एवं अमर्यादित व्यवहार पर कड़ी नाराजगी जताते हुए जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कार्मिकों को हटाने तथा उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को कानून-व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में पुलिस महानिदेशक सहित वरिष्ठ अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अपराधी कोई भी हो, उसके खिलाफ निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई की जाए। प्रदेश में अपराधियों और माफियाओं के लिए कोई जगह नहीं है तथा किसी भी स्थिति में अपराध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राजस्थान की पहचान शांतिप्रिय प्रदेश के रूप में रही है और वर्तमान सरकार इस छवि को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। पुलिस का मुख्य दायित्व अपराधियों में कानून का भय पैदा करना तथा आमजन में सुरक्षा और विश्वास की भावना मजबूत करना है। पुलिस का व्यवहार ऐसा होना चाहिए कि प्रत्येक नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस करे।
मुख्यमंत्री ने खनन एवं भूमि से जुड़े विवादों की जिला-वार विस्तृत सूची तैयार कर उनके प्रभावी निस्तारण, माफियाओं पर सख्ती और आपराधिक मामलों की गहन समीक्षा के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराधों को बढ़ावा देने वाले मामलों में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाए और जिम्मेदार व्यक्तियों की जवाबदेही तय की जाए।
त्योहारी सीजन को देखते हुए मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन मजबूत करने, छोटी से छोटी घटना पर तुरंत संज्ञान लेने तथा सभी अधिकारियों को अपने प्रभार वाले क्षेत्रों में नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला सुरक्षा के लिए कालिका पेट्रोलिंग यूनिट्स का सुचारु संचालन और स्कूल-कॉलेजों में उनकी सक्रियता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) भास्कर ए. सावंत सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Naya Avatar News से आप यहाँ भी जुड़ें !