कांग्रेस प्रत्याशी के शपथ पत्र और मतदाता सूची में नाम को लेकर उठे सवाल, जांच की मांग
कांग्रेस प्रत्याशी के शपथ पत्र और मतदाता सूची में नाम को लेकर उठे सवाल, जांच की मांग
बीकानेर। नगर निकाय चुनाव में वार्ड संख्या 57 से कांग्रेस प्रत्याशी सीता रंगा के नाम को लेकर मतदाता सूची और उनके द्वारा प्रस्तुत शपथ पत्र में दर्ज जानकारी के बीच कथित तौर पर अंतर सामने आने का दावा किया गया है।
जानकारी के अनुसार, प्रत्याशी द्वारा प्रस्तुत शपथ पत्र में अपने निवास से संबंधित जानकारी देते हुए बताया गया है कि उनका नाम वार्ड संख्या 58 की मतदाता सूची के भाग संख्या 5 में क्रम संख्या 561 पर दर्ज है।
वहीं, दूसरी ओर जनवरी 2026 की वार्ड संख्या 57 की मतदाता सूची में भी सीता रंगा का नाम क्रम संख्या 796 पर दर्ज दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। इसको लेकर चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
मामले को लेकर मांग की जा रही है कि निर्वाचन आयोग संबंधित दोनों मतदाता सूचियों और प्रत्याशी के शपथ पत्र में दर्ज विवरण का मिलान कर निष्पक्ष जांच करे। यदि दोनों जगह नाम दर्ज होने की स्थिति सामने आती है तो नियमानुसार स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए।
मामला सामने आने के बाद स्थानीय नागरिकों एवं सजग मतदाताओं का कहना है कि निर्वाचन नियमों की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए चुनाव आयोग व संबंधित रिटर्निंग अधिकारी (RO) को इस संबंध में तत्काल संज्ञान लेना चाहिए। मतदाताओं की मांग है कि जमा कराए गए शपथ पत्र और दोनों वार्डों की वोटर लिस्ट का मिलान कर इसकी गहन एवं विशेष जांच करवाई जाए, ताकि चुनावी प्रक्रिया में किसी भी तरह की गड़बड़ी या नियमों के उल्लंघन की निष्पक्ष जांच हो सके।


