गर्भवती महिला की मौत पर परिजनों का हंगामा, डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप
गर्भवती महिला की मौत पर परिजनों का हंगामा, डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप
अजमेर। अलवर गेट थाना क्षेत्र स्थित होली फैमिली अस्पताल में गर्भवती महिला की मौत के बाद शनिवार को परिजनों और रिश्तेदारों ने जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल के चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई तथा लाइसेंस रद्द करने की मांग की।
जानकारी के अनुसार रामनगर निवासी पूजा को प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के मुताबिक लेबर रूम में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और ब्लड प्रेशर काफी बढ़ गया। आरोप है कि अस्पताल की ओर से मरीज को किसी अन्य अस्पताल ले जाने के लिए कह दिया गया।
परिजन पूजा को तत्काल दूसरे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि समय पर उचित उपचार नहीं मिलने के कारण जच्चा और बच्चा दोनों को बचाया नहीं जा सका।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से समझाइश कर मामला शांत कराया। परिजनों ने डॉक्टर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और मेडिकल प्रैक्टिस पर रोक लगाने की मांग की है।
