चार महीने से जाम सीवरेज की समस्या से परेशान थे मोहल्लेवासी, वार्ड 62 के पार्षद अकबर खादी ने करवाया समाधान
चार महीने से जाम सीवरेज की समस्या से परेशान थे मोहल्लेवासी, वार्ड 62 के पार्षद अकबर खादी ने करवाया समाधान
बीकानेर। शहर के वार्ड नंबर 25 स्थित मोहता सराय, शनि मंदिर रोड पर रेस्टोरेंट के सामने वाली गली में लंबे समय से सीवरेज जाम होने की समस्या से परेशान मोहल्लेवासियों को आखिरकार राहत मिली। महिला अत्याचार निवारण समिति की अध्यक्ष श्रीमती फैमीदा ने बताया कि गली में पिछले तीन से चार महीने से सीवरेज जाम होने के कारण स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
फैमीदा के अनुसार, इस समस्या को लेकर नगर निगम प्रशासन और मुख्यमंत्री जनसंपर्क पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाने के बावजूद कोई समाधान नहीं हुआ। वार्ड नंबर 25 के पार्षद को भी फोन पर समस्या से अवगत करवाया गया, लेकिन उनकी ओर से भी कार्रवाई नहीं की गई।
इसके बाद वार्ड नंबर 62 के पार्षद अकबर खादी से संपर्क किया गया। अकबर खादी और सलीम जी ने मिलकर प्रयास किए तथा गली में सीवरेज जाम की समस्या का समाधान करवाया।
फैमीदा ने कहा कि अकबर खादी संबंधित वार्ड के पार्षद नहीं होने के बावजूद मोहल्ले की आम जनता की समस्या को गंभीरता से लिया और उसके समाधान के लिए पहल की। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का असली कर्तव्य जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समाधान करवाना है।
मोहल्लेवासियों ने की सराहना
लंबे समय से परेशान मोहल्लेवासियों को राहत मिलने पर श्रीमती फैमीदा सहित स्थानीय लोगों ने पार्षद अकबर खादी की सराहना की। लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों को राजनीति और वार्ड की सीमाओं से ऊपर उठकर आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए आगे आना चाहिए।
