चार वार्डों और एक नाम पर अटकी भाजपा की सूची, संघर्ष सुलझाने बीकानेर पहुंचेंगे दाधीचरात 9 से 12 बजे के बीच जारी हो सकती है प्रत्याशियों की सूची, डैमेज कंट्रोल की कवायद तेज

vasudev vyas

Written by

vasudev vyas

चार वार्डों और एक नाम पर अटकी भाजपा की सूची, संघर्ष सुलझाने बीकानेर पहुंचेंगे दाधीच
रात 9 से 12 बजे के बीच जारी हो सकती है प्रत्याशियों की सूची, डैमेज कंट्रोल की कवायद तेज

बीकानेर। नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा की प्रत्याशियों की सूची को लेकर अंतिम दौर की माथापच्ची जारी है। 80 वार्डों में से 76 वार्डों में प्रत्याशियों के नाम लगभग तय बताए जा रहे हैं, जबकि वार्ड नंबर 75, 47, 26 और 8 पर मामला अभी भी उलझा हुआ है। पार्टी सूत्रों के अनुसार एक नाम को लेकर भी अंदरखाने असमंजस बना हुआ है।
सबसे ज्यादा चर्चा वार्ड नंबर 75 की है, जहां महावीर रांका को महापौर पद के मजबूत दावेदार के रूप में देखा जा रहा है। रांका का टिकट लगभग तय माना जा रहा है, लेकिन टिकट को लेकर पश्चिम विधायक के हस्तक्षेप की चर्चा ने पार्टी की चिंता बढ़ा दी है। पिछले दो कार्यकाल में कमजोर प्रदर्शन के चलते कई वार्डों में भाजपा की स्थिति को लेकर संगठन पहले ही सतर्क है। ऐसे में पार्टी के भीतर यह आकलन भी किया जा रहा है कि मुश्किल मुकाबले में मजबूत चेहरा ही पार्टी की नैया पार लगा सकता है।
वार्ड नंबर 47 जिलाध्यक्ष से जुड़ा होने के कारण खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यहां सरिता के नाम को लेकर अंदरखाने असहमति की चर्चा है। दावा किया जा रहा है कि सरिता मजबूत दावेदारों की सूची में नहीं हैं और इस बार मुकाबला बेहद कड़ा है। पिछली बार भाजपा यहां महज तीन वोटों के अंतर से जीत दर्ज कर पाई थी। ऐसे में कमजोर प्रत्याशी उतारने का फैसला पार्टी के लिए जोखिम भरा हो सकता है। हालांकि इन चर्चाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वार्ड नंबर 26 में भी मजबूत दावेदार को दरकिनार किए जाने की चर्चा है। यहां रामदयाल पंचारिया को मजबूत दावेदार माना जा रहा है। वहीं वार्ड नंबर 8 में नर्सिंग सेवग का नाम पहले ही फाइनल किए जाने की बात सामने आई थी। नर्सिंग सेवग को कमजोर नाम नहीं माना जा रहा, लेकिन नाम सामने आने के बाद पार्टी के भीतर विरोध के स्वर उठने की चर्चा है।
इन वार्डों में उपजे असंतोष को देखते हुए भाजपा संगठन अब डैमेज कंट्रोल में जुट गया है। बताया जा रहा है कि प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच देर रात बीकानेर पहुंचकर प्रत्याशियों और टिकट के दावेदारों के साथ बैठक कर सकते हैं। बैठक में असंतुष्ट नेताओं और कार्यकर्ताओं को मनाने का प्रयास होगा।
पार्टी के भीतर चर्चा यह भी है कि संगठन असंतोष खत्म करने के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुटता की शपथ दिलाने जैसे भावनात्मक प्रयास कर सकता है। हालांकि करणी माता की सौगंध दिलाए जाने की चर्चा की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सूत्रों के अनुसार अंतिम बैठक और सहमति बनने के बाद भाजपा की प्रत्याशियों की सूची रात 9 बजे से 12 बजे के बीच जारी किए जाने की संभावना है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि इन चार वार्डों में पार्टी किसे मैदान में उतारती है और टिकट वितरण के बाद उठने वाले संभावित विरोध को भाजपा संगठन किस तरह संभालता है।

Naya Avatar News से आप यहाँ भी जुड़ें !