जल जीवन मिशन घोटाला रिटायर्ड आईएएस सुभोध अग्रवाल की तलाश तेज, एसीबी की कई टीमों की छापेमारी
जल जीवन मिशन घोटाला रिटायर्ड आईएएस सुभोध अग्रवाल की तलाश तेज, एसीबी की कई टीमों की छापेमारी
जयपुर, 5 मार्च। प्रदेश के बहुचर्चित जल जीवन मिशन (JJM) में हुए लगभग 900 करोड़ रुपये के घोटाले की जांच में अहम कड़ी माने जा रहे रिटायर्ड आईएएस सुभोध अग्रवाल अभी तक एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की पकड़ से दूर हैं। एसीबी उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
एसीबी मुख्यालय की मॉनिटरिंग में करीब 40 टीमों ने पिछले 16 दिनों में राजस्थान सहित देश के कई शहरों में 100 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की है। इस दौरान अग्रवाल के परिजनों, रिश्तेदारों, परिचितों और कर्मचारियों से पूछताछ कर पूरा नेटवर्क खंगाला जा रहा है।
जांच के दौरान एसीबी ने जयपुर, उदयपुर, बाड़मेर, जोधपुर, झालावाड़, कोटा, नागौर, विराटनगर, निवाई-टोंक, चंदवाजी-आमेर, गंगापुर सिटी सहित कई शहरों में कार्रवाई की। इसके अलावा दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा के फरीदाबाद-सोहना, उत्तर प्रदेश के नोएडा, मेरठ, प्रयागराज, बुलंदशहर, खुर्जा तथा मुंबई में भी छापेमारी की गई।
छापों के दौरान अग्रवाल के नौकर-ड्राइवर, परिजन, रिश्तेदार और दोस्तों समेत करीब 50 लोगों से पूछताछ की गई। एसीबी को शक है कि इन लोगों के माध्यम से अग्रवाल को मदद मिल रही हो सकती है।
जांच एजेंसी ने कई शहरों में उनके और उनके करीबियों के घरों व प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली है। दिल्ली की न्यू मोती बाग और डिफेंस कॉलोनी, फरीदाबाद के सेक्टर-35, नोएडा, सोहना के फार्महाउस तथा मुंबई के मालाबार हिल और जुहू समेत कई स्थानों पर भी जांच की गई।
जयपुर में भी सी-स्कीम, निर्माण नगर, मानसरोवर, बजाज नगर विस्तार, सुंदर नगर, मान हाउस, सिवाड़ और बिंदायक स्थित आवास व फार्महाउस पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
एसीबी अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच तेजी से जारी है और जल्द ही घोटाले से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।