ढाई दिन में सिलेंडर देने का दावा, बीकानेर में उपभोक्ताओं की शिकायतें जारी

vasudev vyas

Written by

vasudev vyas

ढाई दिन में सिलेंडर देने का दावा, बीकानेर में उपभोक्ताओं की शिकायतें जारी
बीकानेर। केंद्र और राज्य सरकार की ओर से यह दावा किया जा रहा है कि एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई पूरी तरह नियंत्रण में है और उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद अधिकतम ढाई दिन में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। सरकार का कहना है कि प्रदेश में कहीं भी एलपीजी की किल्लत नहीं होने दी जाएगी।
लेकिन बीकानेर में कई उपभोक्ताओं का कहना है कि जमीनी स्तर पर स्थिति इससे अलग नजर आ रही है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग करने में दिक्कत आ रही है और बुकिंग नंबर पर कॉल करने के बाद भी सही तरीके से प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बुकिंग कराने के बाद भी कंपनी की ओर से पुष्टि का मैसेज नहीं आ रहा, जिससे उपभोक्ताओं को आशंका है कि कहीं गैस सिलेंडर की कालाबाजारी या अनियमितता शुरू न हो गई हो। उपभोक्ताओं ने राजस्थान सरकार से मांग की है कि गैस सिलेंडर की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए जाएं।
सामाजिक कार्यकर्ता रामदेव आसोपा ने बताया कि बीकानेर में एक गैस एजेंसी के बुकिंग नंबर 7718955555 पर कई बार फोन करने के बावजूद कॉल रिसीव नहीं किया जा रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली की जांच कर उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।

Naya Avatar News से आप यहाँ भी जुड़ें !