तेज आंधी में पेड़ और बिजली पोल गिरने से कार क्षतिग्रस्त, बड़ा हादसा टला
तेज आंधी में पेड़ और बिजली पोल गिरने से कार क्षतिग्रस्त, बड़ा हादसा टला
बीकानेर। बुधवार शाम को चली तेज आंधी के दौरान पुरानी कचहरी परिसर के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार बार एसोसिएशन बीकानेर के उपाध्यक्ष एडवोकेट मनीष गोड़ अपने पिता वरिष्ठ एडवोकेट जगदीश शर्मा के साथ अपनी कार (आरजे-07-सीसी-4132) में पुरानी कचहरी से जा रहे थे।
इसी दौरान जूनागढ़ चौपाटी के पास अचानक एक बड़ा सूखा पेड़ और विद्युत पोल कार पर गिर गया, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के समय चौपाटी पर खड़े फास्ट फूड के कुछ ठेले भी इसकी चपेट में आ गए। हालांकि इस हादसे में किसी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई।
घटना की सूचना तुरंत जिला प्रशासन और नगर निगम बीकानेर को दी गई, जिसके बाद नगर निगम के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर गिरे हुए पेड़ और विद्युत पोल को हटाया।
बार एसोसिएशन बीकानेर के अध्यक्ष एडवोकेट अजय कुमार पुरोहित ने बताया कि जूनागढ़ चौपाटी क्षेत्र में अव्यवस्था और पुरानी कचहरी परिसर की साफ-सफाई को लेकर पहले भी कई बार जिला प्रशासन को लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
उन्होंने कहा कि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है।