निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस का भाजपा पर हमला, परिसीमन में राजनीतिक फायदे का लगाया आरोप
निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस का भाजपा पर हमला, परिसीमन में राजनीतिक फायदे का लगाया आरोप
जयपुर, निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। जयपुर शहर कांग्रेस के प्रभारी एवं कांग्रेस विधायक रोहित बोहरा ने आरोप लगाया कि भाजपा ने निकाय चुनाव में राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से गलत तरीके से परिसीमन कराया है।
बोहरा ने कहा कि कांग्रेस 30 अगस्त को निकाय चुनाव के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा करेगी, जबकि पार्टी के उम्मीदवार 31 अगस्त को नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जयपुर के विकास का स्पष्ट रोडमैप जनता के सामने रखेगी और निकाय चुनाव में भाजपा सरकार के कामकाज को प्रमुख मुद्दा बनाएगी।
उन्होंने दावा किया कि जयपुर की जनता सबसे ज्यादा परेशान है। प्रदेश की जनता पिछले ढाई साल के शासन से ऊब चुकी है और निकाय चुनाव में वोट की चोट से भाजपा को जवाब देगी।
रोहित बोहरा ने प्रदेश सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार चलाने के बजाय प्रदेश में मजाक चल रहा है। उन्होंने वित्त विभाग की स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि हालात खराब हैं और जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का पूरा ध्यान विकास कार्यों के बजाय ट्रांसफर के नाम पर उगाही करने पर है।
