निकाय चुनाव में RLP-AIMIM का गठबंधन, बेनीवाल-ओवैसी ने साझा किया मंच
निकाय चुनाव में RLP-AIMIM का गठबंधन, बेनीवाल-ओवैसी ने साझा किया मंच
जयपुर। राजस्थान में चल रहे निकाय चुनाव के बीच राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) और एआईएमआईएम (AIMIM) ने हाथ मिला लिया है। जयपुर के परकोटा क्षेत्र में आधी रात को आयोजित जनसभा में आरएलपी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल और एआईएमआईएम सुप्रीमो असदुद्दीन ओवैसी ने एक साथ मंच साझा करते हुए गठबंधन का ऐलान किया।
जनसभा का आयोजन वार्ड नंबर 146 की प्रत्याशी फिरोज बानो के समर्थन में किया गया था। मंच पर बेनीवाल और ओवैसी की जुगलबंदी ने चुनावी माहौल को खासा गर्म कर दिया। दोनों नेताओं ने अपने संबोधन में भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों प्रमुख दलों से त्रस्त जनता के सामने अब तीसरा राजनीतिक विकल्प मौजूद है।
हालांकि दोनों नेताओं ने आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव को लेकर किसी औपचारिक गठबंधन की घोषणा नहीं की, लेकिन उनके भाषणों से भविष्य में भी दोनों दलों के साथ आने के संकेत जरूर मिले। दोनों नेताओं ने कहा कि आरएलपी और एआईएमआईएम मिलकर भाजपा और कांग्रेस के सामने मजबूत राजनीतिक विकल्प खड़ा कर रहे हैं।
जयपुर नगर निगम चुनाव में आरएलपी ने 16 वार्डों में अपने प्रत्याशी उतारे हैं। पार्टी की ओर से वार्ड नंबर 1, 4, 13, 22, 24, 27, 38, 51, 62, 74, 96, 99, 103, 109, 130 और 138 में उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें वार्ड नंबर 38 और 51 मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्वाचन क्षेत्र सांगानेर में आते हैं।
वहीं एआईएमआईएम ने भी कुछ निर्दलीय प्रत्याशियों को समर्थन देकर उन्हें पार्टी प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतारा है। ऐसे में करीब 25 वार्डों में आरएलपी और एआईएमआईएम अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की कोशिश कर रहे हैं।
गठबंधन ने बढ़ाई दोनों प्रमुख दलों की चिंता
बेनीवाल और ओवैसी के एक मंच पर आने से निकाय चुनाव में नए राजनीतिक समीकरण बनते नजर आ रहे हैं। दोनों दलों के बीच यह तालमेल यदि आगे भी जारी रहता है तो आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों में भी इसका असर देखने को मिल सकता है। फिलहाल निकाय चुनाव में यह गठबंधन भाजपा और कांग्रेस के सामने कितना प्रभावी साबित होता है, यह चुनाव परिणाम के बाद ही स्पष्ट होगा।
