निकाय चुनाव में नामांकन प्रक्रिया आज से, प्रत्याशियों को मिलेंगे सिर्फ तीन दिन
निकाय चुनाव में नामांकन प्रक्रिया आज से, प्रत्याशियों को मिलेंगे सिर्फ तीन दिन
जयपुर, 26 अगस्त। प्रदेश में नगरीय निकाय चुनावों को लेकर नामांकन प्रक्रिया 27 अगस्त से शुरू होगी। जिला निर्वाचन अधिकारियों की ओर से नामांकन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। निर्वाचन आयोग ने नामांकन के लिए 27 से 31 अगस्त तक की अवधि निर्धारित की है, लेकिन 28 अगस्त को रक्षाबंधन और 30 अगस्त को रविवार होने के कारण अवकाश रहेगा। ऐसे में प्रत्याशियों को नामांकन दाखिल करने के लिए केवल 27, 29 और 31 अगस्त का ही समय मिलेगा।
नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही विभिन्न नगरीय निकाय क्षेत्रों में चुनावी गतिविधियां तेज हो जाएंगी। प्रत्याशियों को नामांकन के दौरान निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना करनी होगी।
13,076 मतदान कार्मिकों को दिया जा रहा प्रशिक्षण
जयपुर जिले की विभिन्न नगरीय निकायों में चुनाव करवाने के लिए 13,076 पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान अधिकारियों को दो सत्रों में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान मतदान प्रक्रिया, ईवीएम संचालन, निर्वाचन नियमों तथा मतदान केंद्रों पर बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी जा रही है।
बुजुर्ग और बीमार मतदाताओं को नहीं मिलेगी होम वोटिंग सुविधा
इस बार नगरीय निकाय चुनाव में बुजुर्ग और बीमार मतदाताओं को घर से मतदान करने की सुविधा नहीं मिलेगी। लोकसभा चुनाव में केंद्रीय निर्वाचन आयोग की ओर से पात्र बुजुर्ग एवं अन्य मतदाताओं को होम वोटिंग की सुविधा दी गई थी, लेकिन राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरीय निकाय चुनावों में ऐसी व्यवस्था नहीं की है।
ऐसे में बुजुर्ग, बीमार और अन्य सभी मतदाताओं को मतदान के लिए निर्धारित मतदान केंद्र पर ही पहुंचना होगा। इससे विशेष रूप से बुजुर्ग एवं अस्वस्थ मतदाताओं के सामने मतदान केंद्र तक पहुंचने की चुनौती रहेगी।
