पंचायत चुनाव और अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं की तिथियों में टकराव, शिक्षा विभाग में असमंजस
पंचायत चुनाव और अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं की तिथियों में टकराव, शिक्षा विभाग में असमंजस
बीकानेर। पंचायत चुनाव और कक्षा 9वीं से 12वीं तक की अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं की प्रस्तावित तिथियों में टकराव के चलते शिक्षा विभाग के सामने परीक्षा आयोजन को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई है। शिविरा पंचांग के अनुसार अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं 15 से 29 अक्टूबर तक प्रस्तावित हैं, जबकि पंचायत चुनाव का पहला चरण 22 से 26 अक्टूबर और दूसरा चरण 28 अक्टूबर से 1 नवंबर तक प्रस्तावित है।
चुनाव ड्यूटी में शिक्षकों की तैनाती, परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था और अन्य प्रशासनिक जिम्मेदारियों के चलते निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं करवाना मुश्किल नजर आ रहा है। इसी को देखते हुए परीक्षा तिथियों में बदलाव को लेकर शिक्षा विभाग में मंथन शुरू हो गया है।
शिक्षक महासंघ ने तिथि बदलने की मांग की
अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने भी शिक्षा निदेशक को ज्ञापन भेजकर पंचायत चुनाव को देखते हुए अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं की तिथियों में बदलाव की मांग की है। महासंघ ने परीक्षाएं 16 नवंबर से 29 नवंबर तक करवाने का सुझाव दिया है।
वहीं, शिक्षा विभाग ने अभी तक परीक्षा का टाइम टेबल जारी नहीं किया है। सामान्य तौर पर परीक्षा शुरू होने से करीब 15 दिन पहले टाइम टेबल जारी कर दिया जाता है। इस बार परीक्षा शुरू होने की प्रस्तावित तिथि नजदीक होने के बावजूद टाइम टेबल जारी नहीं होने से तिथियों में बदलाव की संभावना और बढ़ गई है।
राज्य स्तर पर समान परीक्षा योजना
शिक्षा विभाग की ओर से पिछले वर्ष की तरह इस बार भी कक्षा 9वीं से 12वीं की अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं राज्य स्तर पर समान परीक्षा योजना के तहत आयोजित की जानी हैं। इसके तहत प्रदेशभर में एक समान प्रश्नपत्र और एक ही टाइम टेबल के अनुसार परीक्षा आयोजित होगी। कक्षा 9वीं और 11वीं की वार्षिक परीक्षाएं भी राज्य स्तर पर समान परीक्षा योजना के तहत आयोजित की जाएंगी।
45 लाख विद्यार्थियों को टाइम टेबल का इंतजार
राज्य स्तर पर परीक्षा आयोजित होने के कारण प्रदेशभर के करीब 45 लाख विद्यार्थी अर्द्धवार्षिक परीक्षा के टाइम टेबल का इंतजार कर रहे हैं। परीक्षा की प्रस्तावित तिथि नजदीक आने के बावजूद टाइम टेबल जारी नहीं होने से विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों में भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार परीक्षा कार्यक्रम को लेकर जल्द निर्णय लिया जा सकता है। विभाग की ओर से एक-दो दिन में टाइम टेबल जारी होने की उम्मीद जताई जा रही है।
