पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर की व्यवस्थाओं पर एक नजर-रेजिडेंट डॉक्टरों और एक्स-रे विभाग की सक्रियता सराहनीय, पर सुविधाओं और प्रबंधन में सुधार की जरूरत

vasudev vyas

Written by

vasudev vyas

पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर की व्यवस्थाओं पर एक नजर-रेजिडेंट डॉक्टरों और एक्स-रे विभाग की सक्रियता सराहनीय, पर सुविधाओं और प्रबंधन में सुधार की जरूरत
​बीकानेर |पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में इन दिनों मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या के बीच चिकित्सा व्यवस्थाओं को लेकर एक सकारात्मक और चिंताजनक दोनों ही पहलू सामने आए हैं। ट्रॉमा सेंटर में रेजिडेंट डॉक्टरों द्वारा मरीजों का तत्काल उपचार शुरू किया जा रहा है और एक्स-रे विभाग भी पूरी सक्रियता से कार्य कर रहा है। इसके साथ ही, डॉक्टरों द्वारा समय पर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) में पहुंचकर मरीजों का उपचार करने की व्यवस्था भी देखने को मिली है, जिसकी सराहना की जा रही है।
​स्थानीय निवासी वासुदेव व्यास ने अपने पोते अभिषेक व्यास के उपचार के दौरान 14 दिनों तक ट्रॉमा सेंटर की व्यवस्थाओं को बेहद करीब से देखा और कई महत्वपूर्ण सुझाव व समस्याएं साझा कीं।
​
​सोनोग्राफी और सीटी स्कैन की सुविधा
एक्स-रे की तर्ज पर ही ट्रॉमा सेंटर में सोनोग्राफी और सीटी स्कैन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जानी चाहिए। वर्तमान में रात्रि में मरीजों को जांच के लिए ट्रॉली पर दूसरी शाखा में ले जाना पड़ता है, जिससे उन्हें काफी तकलीफ उठानी पड़ती है।
​वार्ड शिफ्टिंग में राहत- टूटी हुई हड्डी के मरीजों को जेड वार्ड में भेजने के बजाय ट्रॉमा सेंटर के भीतर ही जो कमरे फिलहाल बंद और खाली पड़े हैं, उनमें शिफ्ट किया जाना चाहिए। इससे मरीजों को अनावश्यक परेशानी से राहत मिलेगी।
​भीड़ नियंत्रण और आईसीयू व्यवस्था- ट्रॉमा सेंटर के आईसीयू वार्ड के पास कुछ लोगों द्वारा अपनी सुविधा के अनुसार बिस्तर लगा लेने का मामला सामने आया है, जिस पर प्रशासन को रोक लगानी चाहिए। साथ ही, अस्पताल के वार्डों में अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने की आवश्यकता है ताकि उपचार कार्य में बाधा न आए और डॉक्टरों व नर्सिंग स्टाफ को काम करने में सहूलियत हो।
​सुरक्षा गार्डों का समय पर भुगतान- ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्डों की समस्या का जिक्र करते हुए व्यास ने बताया कि गार्डों को ठेकेदार द्वारा समय पर भुगतान नहीं मिल रहा है, जिस पर संबंधित अधिकारियों को तुरंत संज्ञान लेना चाहिए।
​वासुदेव व्यास ने कहा कि ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों और एक्स-रे विभाग की कार्यशैली सराहनीय है, लेकिन मरीजों की सुविधा के लिए सोनोग्राफी-सीटी स्कैन जैसे आवश्यक चिकित्सा उपकरण भी 24 घंटे मौके पर उपलब्ध करवाना, वार्डों की उचित व्यवस्था करना, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा गार्डों के समय पर भुगतान जैसे मुद्दों पर पीबीएम प्रशासन को गंभीरता से विचार कर जल्द आवश्यक कदम उठाने चाहिए

Naya Avatar News से आप यहाँ भी जुड़ें !