बिल में कम माल, वाहन में ज्यादा: वाणिज्यिक कर विभाग का बड़ा एक्शन, 3 सप्ताह में 44 वाहन पकड़े

vasudev vyas

Written by

vasudev vyas

बिल में कम माल, वाहन में ज्यादा: वाणिज्यिक कर विभाग का बड़ा एक्शन, 3 सप्ताह में 44 वाहन पकड़े

जयपुर। माल परिवहन के दौरान बिल और ई-वे बिल में कम मात्रा दर्शाकर वास्तविकता में अधिक माल ले जाने के मामलों पर राजस्थान वाणिज्यिक कर विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। विभाग की प्रवर्तन टीमों ने पिछले तीन सप्ताह में 44 वाहन पकड़े हैं, जिनमें दस्तावेजों में दर्ज मात्रा की तुलना में वास्तविक माल अधिक पाया गया। वाहनों को नियमानुसार जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू की गई है।
भौतिक सत्यापन में खुली पोल
प्रवर्तन टीमों ने विभिन्न स्थानों पर वाहनों को रोककर उनमें लदे माल का भौतिक सत्यापन किया और वास्तविक मात्रा का मिलान बिल एवं ई-वे बिल में दर्ज विवरण से किया। जहां दोनों में अंतर मिला, वहां वाहनों को जब्त कर संबंधित मामलों की जांच शुरू की गई।
विभाग के अनुसार, यदि जानबूझकर बिल में कम मात्रा दिखाकर अधिक माल का परिवहन किया गया है, तो इसके जरिए वास्तविक बिक्री और कर देयता को कम दिखाने की कोशिश की गई हो सकती है।
किन ट्रांसपोर्टरों पर हुई कार्रवाई?
तीन सप्ताह की कार्रवाई में जड़िया/जड़िया ट्रांसपोर्ट के 6, उदयपुर गोल्डन के 4 और क्रिया शक्ति के 3 वाहन पकड़े गए। इसके अलावा कई अन्य ट्रांसपोर्ट कंपनियों के दो-दो और एक-एक वाहन भी कार्रवाई की जद में आए।
कर चोरी पर लगातार नजर
वाणिज्यिक कर विभाग की प्रवर्तन टीमें बिल में कम मात्रा दर्शाकर माल परिवहन, आवश्यक ई-वे बिल के बिना माल परिवहन और कर चोरी के अन्य संभावित तरीकों पर निगरानी बढ़ा रही हैं। विभाग का कहना है कि नियमानुसार कारोबार करने वाले करदाताओं के हितों की रक्षा के साथ कर चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाना प्राथमिकता है।

Naya Avatar News से आप यहाँ भी जुड़ें !