बीकानेर के नयाशहर थाने का वीडियो वायरल, युवक को 151 में किया गिरफ्तार
बीकानेर: नयाशहर थाने का वीडियो वायरल, युवक को 151 में किया गिरफ्तार
बीकानेर। नयाशहर थाने से जुड़ा एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार वायरल केस की जानकारी लेने के लिए नत्थूसर गेट निवासी शिव पुरी थाने पहुंचे थे। इस दौरान थानाधिकारी ने उन्हें धारा 151 में गिरफ्तार करने की चेतावनी दी।
बताया जा रहा है कि शिव पुरी और उनके दो साथी मोबाइल से पूरी घटना की रिकॉर्डिंग कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें वीडियो बनाने से रोकने की कोशिश भी की, लेकिन इसके बावजूद रिकॉर्डिंग जारी रही। इसी बीच पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शिव पुरी को धारा 151 के तहत गिरफ्तार कर लिया।
सूत्रों के अनुसार यह मामला नत्थूसर घाटी की एक जमीन से जुड़े विवाद से संबंधित बताया जा रहा है। घटना के बाद मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं इस पूरे घटनाक्रम का दूसरा वीडियो (पार्ट-2) भी सोशल मीडिया पर जारी होने की चर्चा है।
घटना को लेकर शहर में चर्चा का माहौल है और वायरल वीडियो को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।बताया जा रहा है कि इस घटना का जिक्र फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया ग्रुप्स में भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद लोग पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
कानूनी जानकारों का कहना है कि किसी भी व्यक्ति को बिना उचित कारण और वैधानिक प्रक्रिया के हिरासत में लेना न्यायसंगत नहीं माना जाता। ऐसे मामलों में पुलिस को कानून के दायरे में रहकर ही कार्रवाई करनी होती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बीकानेर के नए पुलिस अधीक्षक से इस मामले में संज्ञान लेकर जांच कराने की अपेक्षा की जा रही है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और यदि किसी स्तर पर त्रुटि हुई है तो उचित कार्रवाई हो सके।
फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से इस मामले को लेकर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं के कारण मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।