बीकानेर में खेजड़ी कटाई पर बवाल, निष्पक्ष जांच की मांग
बीकानेर में खेजड़ी कटाई पर बवाल, निष्पक्ष जांच की मांग
बीकानेर, 27 फरवरी। जीव रक्षा संस्था, बीकानेर ने राज्य वृक्ष खेजड़ी की कटाई और सोलर प्लांट लगाने के मामले में गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस महा निरीक्षक को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
संस्था के अध्यक्ष मोंखराम धारणिया ने बताया कि 10 जुलाई 2025 को जेसीबी मशीन से खेत मालिक सोहनलाल के पुत्र राजकमल द्वारा अवैध रूप से खेजड़ी के पेड़ उखाड़े गए। सूचना मिलने पर पर्यावरण प्रेमियों ने जेसीबी मशीन को पुलिस थाना में खड़ा करवाया। आरोप है कि इसके बाद संबंधित पक्ष द्वारा फोन पर धमकियां दी गईं और मामले को दबाने का प्रयास किया गया।
संस्था का कहना है कि इस संबंध में पुलिस थाना छतरगढ़ में मुकदमा नंबर 187/2025 दर्ज है, लेकिन जांच प्रभावित होने की आशंका है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि मामले को दबाने के लिए पद का दुरुपयोग किया जा रहा है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि राजस्थान सरकार द्वारा खेजड़ी की कटाई पर पूर्ण प्रतिबंध है और इसे राज्य वृक्ष का दर्जा प्राप्त है। संस्था ने दोषियों की गिरफ्तारी, जब्त जेसीबी मशीन पर कड़ी कार्रवाई तथा मामले की जांच किसी ईमानदार व प्रशिक्षित उच्च अधिकारी से करवाने की मांग की है।
संस्था ने कहा कि खेजड़ी केवल एक पेड़ नहीं बल्कि राजस्थान की पारिस्थितिकी और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है, इसलिए पर्यावरण संरक्षण के हित में सख्त कदम उठाए जाने चाहिए।
ज्ञापन की प्रतिलिपि संभागीय आयुक्त को भी प्रेषित की गई है।