बीकानेर में हाईकोर्ट खंडपीठ की मांग को लेकर 195वां ज्ञापन, बार एसोसिएशन ने उठाई न्यायालय परिसर की समस्याएं

vasudev vyas

Written by

vasudev vyas

बीकानेर में हाईकोर्ट खंडपीठ की मांग को लेकर 195वां ज्ञापन, बार एसोसिएशन ने उठाई न्यायालय परिसर की समस्याएं

बीकानेर, 17 मार्च। बार एसोसिएशन बीकानेर के अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित के नेतृत्व में मंगलवार को बीकानेर में उच्च न्यायालय की खंडपीठ स्थापित करने की मांग को लेकर 195वां ज्ञापन दिया गया। यह ज्ञापन राज्यपाल के नाम जिला कलेक्टर बीकानेर के माध्यम से तथा राजस्थान उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को जिला एवं सत्र न्यायाधीश बीकानेर के जरिए प्रेषित किया गया।
ज्ञापन में बताया गया कि जोधपुर स्थित उच्च न्यायालय की दूरी के कारण आमजन को न्याय प्राप्त करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वहीं जोधपुर उच्च न्यायालय में लंबित और विचाराधीन मामलों में बड़ी संख्या बीकानेर संभाग और आसपास के जिलों से संबंधित है। ऐसे में बीकानेर में खंडपीठ की स्थापना न्यायहित में अत्यंत आवश्यक है।
बार एसोसिएशन ने न्यायालय परिसर की विभिन्न समस्याओं को भी उठाया। ज्ञापन में पुराने न्यायालय परिसर में पार्किंग व्यवस्था की अव्यवस्था, कचरे की समस्या, अतिक्रमण तथा बीएसएनएल कार्यालय और स्टाम्प विक्रेताओं के पास स्थित जर्जर शौचालयों की स्थिति का उल्लेख किया गया। यह भी बताया गया कि करीब तीन माह पूर्व जिला प्रशासन द्वारा निर्देश दिए जाने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
बार एसोसिएशन ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई करते हुए पार्किंग व्यवस्था सुधारने, परिसर की साफ-सफाई कराने, अतिक्रमण हटाने और शौचालयों की मरम्मत सुनिश्चित करने की मांग की है।
इस अवसर पर बार अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित, उपाध्यक्ष लेखराम धाकड़, हेमपाल बिश्नोई, धर्मेंद्र वर्मा, मनीष गौड़, सहायक सचिव मुकेश कुमार कुकणा, सुखदेव व्यास सहित कई अधिवक्ता उपस्थित रहे।

Naya Avatar News से आप यहाँ भी जुड़ें !