बीच सड़क बस रुकवाकर डिप्टी सीएम बैरवा ने किया निरीक्षण, कंडक्टर की गलत जानकारी पकड़ी

vasudev vyas

Written by

vasudev vyas

बीच सड़क बस रुकवाकर डिप्टी सीएम बैरवा ने किया निरीक्षण, कंडक्टर की गलत जानकारी पकड़ी

जयपुर, रोडवेज बसों में व्याप्त खामियों को दूर करने के लिए डिप्टी सीएम डॉ. प्रेमचंद बैरवा लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने शुक्रवार को बीच सड़क पर चल रही एक रोडवेज बस को रुकवाकर उसका औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान बस में कई कमियां सामने आईं। कंडक्टर ने यात्रियों की संख्या के बारे में गलत जानकारी देकर बैरवा को गुमराह करने का प्रयास किया। कंडक्टर ने बस में 43 यात्री होने की बात कही, लेकिन जब बैरवा ने खुद गिनती करवाई तो बस में 54 यात्री पाए गए।
जांच में यह भी सामने आया कि बस में न तो मेडिकल किट मौजूद थी और न ही इंडिकेटर सही स्थिति में थे। बस चालक ने डिपो में वाहनों की कमियों की जानकारी देने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं होने की बात कही।
इन खामियों और स्टाफ की लापरवाही पर डिप्टी सीएम ने मौके पर ही अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बस की सभी कमियों को तत्काल नोट करने और संबंधित डिपो मैनेजर के खिलाफ रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।
डॉ. बैरवा ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। जो भी कर्मचारी लापरवाही बरतेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि वास्तविक स्थिति जानने के लिए ही बस को बीच सड़क पर रुकवाकर औचक निरीक्षण किया गया।

Naya Avatar News से आप यहाँ भी जुड़ें !