मथुरादास माथुर अस्पताल में मरीजों को मोबाइल ऐप पर मिलेगी डॉक्टरों की पूरी जानकारी

vasudev vyas

Written by

vasudev vyas

मथुरादास माथुर अस्पताल में मरीजों को मोबाइल ऐप पर मिलेगी डॉक्टरों की पूरी जानकारी

जोधपुर, 5 अक्टूबर। मथुरादास माथुर अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए जल्द ही एक नया मोबाइल ऐप शुरू किया जाएगा। इस ऐप के माध्यम से अस्पताल के विभिन्न विभागों के डॉक्टरों की ओपीडी, ओटी शेड्यूल सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।
मथुरादास माथुर अस्पताल के सुपरिटेंडेंट डॉ. विकास राजपुरोहित ने बताया कि ऐप को लेकर फिलहाल फीडबैक लिया जा रहा है और प्रारंभिक स्तर पर इसमें अपडेट किए जा रहे हैं। ऐप में अस्पताल के सभी विभागों के डॉक्टरों की ओपीडी से लेकर उनके ऑपरेशन थिएटर शेड्यूल की जानकारी उपलब्ध कराने की योजना है।
ऐप के माध्यम से मरीज यह भी जान सकेंगे कि किस विभाग के डॉक्टर की ओपीडी किस समय से किस समय तक रहेगी तथा कौन से डॉक्टर किस दिन ऑपरेशन थिएटर में उपलब्ध रहेंगे। इससे मरीजों और परिजनों को डॉक्टरों की उपलब्धता की जानकारी के लिए अस्पताल में भटकना नहीं पड़ेगा।
चैटबॉट से भी मिल सकेगा जवाब
ऐप में एक विशेष चैटबॉट की सुविधा भी प्रस्तावित है। मरीज और उनके परिजन अपनी समस्या या सवाल चैटबॉट के माध्यम से पूछ सकेंगे और उन्हें संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
योजनाओं और ब्लड बैंक की जानकारी भी
ऐप में सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध होगी। इसमें योजना का नाम, पात्रता और मिलने वाले लाभ की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा ब्लड बैंक से संबंधित जानकारी भी मरीजों को मोबाइल पर आसानी से मिल सकेगी।
डॉ. विकास राजपुरोहित के अनुसार, लगभग एक महीने बाद ऐप प्रॉपर वर्किंग में आने की उम्मीद है। इसके बाद मरीजों को यह पता चल सकेगा कि किस दिन कौन से डॉक्टर उपलब्ध होंगे। साथ ही स्पेशल ओपीडी की जानकारी भी मोबाइल ऐप पर मिल सकेगी

Naya Avatar News से आप यहाँ भी जुड़ें !