महिला की शिकायत पर थानेदार गिरफ्तार, 3 दिन तक दुष्कर्म का आरोप
महिला की शिकायत पर थानेदार गिरफ्तार, 3 दिन तक दुष्कर्म का आरोप
अलवर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से ठीक पहले अलवर जिले में पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। एक पीड़िता ने आरोप लगाया है कि थाने में शिकायत लेकर पहुंचने पर थानेदार ने उसे तीन दिन तक अपने कब्जे में रखकर दुष्कर्म किया।
मामले के अनुसार 26 वर्षीय महिला अपने पति से जुड़े विवाद को लेकर थाने पहुंची थी। महिला ने शिकायत में बताया कि उसका पति उससे तलाक लेना चाहता है, जबकि वह तलाक नहीं चाहती और पति को पाबंद कराने की मांग लेकर थाने गई थी।
पीड़िता का आरोप है कि थानेदार ने कार्रवाई के नाम पर उसे बुलाया और फिर थाने के क्वार्टर में ले जाकर 2, 3 और 4 मार्च को उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद महिला ने रविवार को पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
मामले की जानकारी मिलते ही रेंज आईजी और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे। जांच के बाद आरोपी थानेदार भरत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं मामले में लापरवाही बरतने वाले एएसआई हेड कांस्टेबल प्रकाश को निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार महिला की शिकायत पर तत्काल मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।