श्राद्ध पक्ष में नकली घी-दूध की मिठाइयों पर सख्त चेकिंग की मांग
श्राद्ध पक्ष में नकली घी-दूध की मिठाइयों पर सख्त चेकिंग की मांग
वासुदेव व्यास मरु समीक्षा न्यूज़ राजस्थान बीकानेर। श्राद्ध पक्ष के दौरान घरों और धार्मिक आयोजनों में मिठाइयों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में नकली घी और मिलावटी दूध से तैयार होने वाली मिठाइयों की बिक्री को लेकर विशेष सतर्कता की आवश्यकता है। बीकानेर में नकली दूध एवं मिलावटी दुग्ध उत्पादों को लेकर शिकायतें सामने आ रही हैं, जिसके चलते संबंधित विभाग से प्रभावी जांच और कार्रवाई की मांग उठ रही है।
लोगों का कहना है कि दूध से बनने वाली मिठाइयों, मावा, पनीर, घी और अन्य दुग्ध उत्पादों की नियमित सैंपलिंग की जानी चाहिए। विशेष रूप से श्राद्ध पक्ष के दौरान मिठाई की दुकानों और दूध से जुड़े प्रतिष्ठानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जांच अभियान चलाया जाए।
शहरवासियों ने मांग की है कि जांच के दौरान मिलावट पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि मिलावटी खाद्य पदार्थ लोगों तक नहीं पहुंचें और आमजन के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव न पड़े। संबंधित विभाग द्वारा समय रहते प्रभावी कदम उठाने से उपभोक्ताओं में भी विश्वास कायम रहेगा।
