श्रीडूंगरगढ़: बालिका शिक्षा के लिए गोदारा परिवार ने घोषित की 3.51 लाख की न्यूनतम राशि, ‘पाण्डु पोल’ निर्माण के लिए दानदाताओं को आमंत्रण
श्रीडूंगरगढ़ (11 अक्टूबर 2026):
क्षेत्र में बालिका शिक्षा को मजबूत करने और सामाजिक विकास के लिए दानदाताओं का सहयोग लगातार जारी है। इसी कड़ी में, संत कर्मा बाई बालिका छात्रावास में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल की गई है।
स्व. चौधरी हरनाथारामजी गोदारा (जैसलसर) की पुण्य स्मृति में उनके सुपुत्रों—फुसारामजी, मघारामजी और प्रभुरामजी गोदारा के परिवारजनों ने छात्रावास में निर्मित ‘पाण्डु पोल’ के लिए न्यूनतम 3.51 लाख रुपये की दान राशि देने की घोषणा की है।
आगामी बैठक में बड़ी घोषणा की उम्मीद
छात्रावास मैनेजमेंट कमेटी ने जानकारी दी है कि इस पाण्डु पोल के लिए यदि कोई अन्य दानदाता 3.51 लाख रुपये से अधिक की राशि देना चाहते हैं, तो वे आगामी बैठक में अपनी घोषणा कर सकते हैं। कमेटी के नियमानुसार, इस पाण्डु पोल के लिए जो भी दानदाता अधिकतम राशि प्रदान करेंगे, उन्हें ही ‘पाण्डु पोल का मुख्य निर्माणकर्ता’ घोषित किया जाएगा।